टीवीके चीफ विजय ने फिर किया सरकार बनाने का दावा, 'थलापति' के पास 121 विधायकों का समर्थन, शनिवार को शपथ संभव
टीवीके चीफ विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल से तीसरी बार मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है। सूत्रों के मुताबिक विजय के पास 121 विधायकों का समर्थन है।
चेन्नई। तमिलनाडु में नई सरकार के गठन पर छाए असमंजस के बादल अब एक तरह से हट गए हैं। टीवीके चीफ विजय ने शुक्रवार (8 मई 2026) को तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से तीसरी बार मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। सूत्रों के मुताबिक विजय के पास बहुमत से ज्यादा 121 विधायकों का समर्थन है। 234 विधानसभा सीटों वाले तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए बहुमत का जादुई आंकड़ा 118 है।
इससे पहले जब वो राज्यपाल से मिले थे तो उनके पास सरकार बनाने के लिए जरूरी विधायकों का समर्थन नहीं था। सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल ने उन्हें जरूरी विधायकों की संख्या के साथ आने को कहा था। कल सुबह 11 बजे टीवीके प्रमुख विजय भी जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में सीएम पद की शपथ लेंगे।
टीवीके प्रमुख विजय 9 मई की सुबह 11 बजे जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में सीएम पद की शपथ लेंगे। विजय ने राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर को खुद की पार्टी के 107 विधायक के अलावा कांग्रेस के 5, सीपीएम के 2, सीपीआई के 2, वीसीके के 2, मुस्लिम लीग के 2, एएमएमके के 1 विधायक के समर्थन का पत्र सौंपा, जो कुल 121 होता है। यानी कि विजय के पास बहुमत से 3 विधायक ज्यादा ही हैं।
तमिलनाडु में डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल दोनों वामपंथी दलों सीपीआई और सीपीएम ने कहा कि समर्थन देने का निर्णय बीजेपी को राज्य में पिछले दरवाजे से एंट्री करने से रोकने के लिए लिया गया है। हालांकि, राज्य के अधिकारों के मामले में वे (वाम दल) डीएमके के साथ बने रहेंगे। वाम दलों ने घोषणा की है कि वे टीवीके मंत्रिमंडल का हिस्सा नहीं बनेंगे। सीपीआई और सीपीएम दोनों के दो-दो विधायक हैं। उन्होंने दिनभर की चर्चा के बाद अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी को अपना समर्थन देने की घोषणा की। पांच विधायकों वाली कांग्रेस ने पहले ही टीवीके को समर्थन दे दिया है।
चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, पार्टी संस्थापक विजय को अपनी जीती हुई दो सीटों में से एक को छोड़ना होगा. विजय को चेन्नई के पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व सीटों में से एक को छोड़ना पड़ेगा।