सांसद सुमन के आवास पर बवाल में गिरफ्तार 29 लोग जमानत पर रिहा  

आगरा। सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आवास पर करणी सेना के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए बवाल के दौरान गिरफ्तार किये गये 29 प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने थाने से जमानत पर रिहा कर दिया है। इन सभी की रिहाई देर रात हो गई।

Mar 26, 2025 - 23:19
Mar 26, 2025 - 23:21
 0
सांसद सुमन के आवास पर बवाल में गिरफ्तार 29 लोग जमानत पर रिहा   

ज्ञातव्य है कि करणी सेना ने मेवाड़ के राजा राणा संग्राम सिंह (राणा सांगा) पर संसद में विवादित टिप्पणी की थी। सुमन ने राणा सांगा को गद्दार बोला था, जिसे लेकर भारी जनाक्रोश पैदा हो गया था। करणी सेना के बैनर तले इसी को लेकर सुमन के आवास पर विरोध प्रदर्शन किया गया था। 

प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ गये थे। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच संघर्ष हो गया था, जिसमें दर्जन भर पुलिसकर्मियों के अलावा दर्जन भर से अधिक प्रदर्शनकारी घायल हुए थे। सांसद सुमन के नजदीकी सूत्रों ने कहा था कि उनके भी आठ समर्थक घायल हुए हैं।

पुलिस ने मौके से 29 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया था। इन सभी को हरीपर्वत थाने लाया गया था। बाद में इनमें से 12 को एत्मादुद्दौला थाने और 17 को ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी पर भेज दिया गया था। गिरफ्तार किये गये सभी लोगों को देर रात पुलिस ने थाने से ही जमानत पर रिहा कर दिया। एत्मादुद्दौला थाने के लोग पहले रिहा हुए जबकि टीपी नगर चौकी पर बैठे लोगों को रिहा करने की कार्यवाही रात 11 बजे बाद जारी थी। 

पथराव का वीडियो आया सामने

इस बीच इस घटनाक्रम का एक वीडियो और सामने आया है, जिसमें सांसद सुमन के आवास की छत के ऊपर से कुछ लोग पथराव करते दिख रहे हैं। करणी सेना के नेताओं का कहना है कि छत से पथराव होने पर ही प्रदर्शनकारी उग्र हुए।

सुमन समर्थकों ने थाने में दी है तहरीर

इस घटना को लेकर सांसद रामजी लाल सुमन के समर्थक भी उनके आवास पर पहुंच गये थे। सपा के कई नेता भी उनके आवास पर पहुंच गये थे। इसके बाद सुमन समर्थक मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाना हरीपर्वत पहुंचे। उन्होंने थाने में तहरीर भी दी। देर रात तक यह स्पष्ट नहीं हुआ था कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ है या नहीं।

दर्जन भर से अधिक गाड़ियां हुई हैं क्षतिग्रस्त

सांसद सुमन के आवास के बाहर हुए बवाल के दौरान दर्जन भर से अधिक गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई बताई जा रही हैं। इनमें से चार गाड़ियां तो सांसद सुमन व उनके समर्थकों की बताई गई हैं। प्रदर्शनकारियों द्वारा आवास के सामने रखी प्लास्टिक की कुर्सियां भी तोड़ दी गईं।

SP_Singh AURGURU Editor