आगरा के सेंट जॊन्स ग्राउंड पर कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट 28 मार्च से

आगरा। देश के वीर सपूत कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति को जीवंत बनाए रखने के लिए एक बार फिर खेल के मैदान में जज्बे और सम्मान का संगम देखने को मिलेगा। द्वितीय कैप्टन शुभम गुप्ता ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन उनके परिवार द्वारा सेंट जॉन्स ग्राउंड पर किया जा रहा है। गुरुवार को खंदारी क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में टूर्नामेंट के पोस्टर का विमोचन किया गया, जिसमें आयोजन समिति के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों की उपस्थिति रही।

Mar 26, 2026 - 18:01
 0
आगरा के सेंट जॊन्स ग्राउंड पर कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट 28 मार्च से
कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में होने वाले क्रिकेट टूर्नामेंट के पोस्टर का विमोचन करते शहीद के पिता बसंत गुप्ता एडवोकेट और अन्य सहयोगी।

कैप्टन शुभम गुप्ता के पिता एडवोकेट बसंत गुप्ता ने बताया कि गोल्ड जिम और हेयर मास्टर के सहयोग से आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में शहर की चार प्रमुख टीमें- गरुड़ कमांडो, तेजस कमांडो, मार्कोस कमांडो और पैरा कमांडो—मैदान में अपनी ताकत और रणनीति का प्रदर्शन करेंगी। इस प्रतियोगिता में लगभग 60 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

टूर्नामेंट का उद्घाटन 28 मार्च को पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार और आईपीएल खिलाड़ी तेजेंद्र ढिल्लन द्वारा किया जाएगा। आयोजन सचिव मनोज यादव और रूबी शर्मा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल खेल नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना भी है। यही कारण है कि हर वर्ष कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में यह टूर्नामेंट निरंतर आयोजित किया जा रहा है।

टूर्नामेंट के पहले दिन शनिवार को चारों टीमों के बीच दो लीग मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें पहला मैच तेजस कमांडो और पैरा कमांडो के बीच होगा। इसके बाद 30 मार्च (रविवार) को सेंट जॉन्स ग्राउंड पर फाइनल मुकाबला आयोजित होगा, जिसमें लीग चरण की विजेता दो टीमें आमने-सामने होंगी। विजेता टीम को 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर नितिन वर्मा, कॉमेंट्रेटर नरेंद्र शर्मा, सनी मेहरा, बलदेव प्रताप सिंह, राकेश शर्मा, राहुल पचौरी, लक्की ठाकुर, दीपक चौधरी, मनु शर्मा, सारा खान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor