पीलीभीत में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत, रात भर सड़क किनारे पड़े रहे शव
-आरके सिंह- पीलीभीत। पीलीभीत के न्यूरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवक बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। सुनसान मार्ग होने के कारण दोनों के शव पूरी रात सड़क किनारे पड़े रहे। बुधवार सुबह राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
न्यूरिया थाना पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम सड़ा निवासी रंजीत सोनकर (28 वर्ष) और अरविंद (25 वर्ष) मंगलवार रात किसी काम से न्यूरिया गए थे। देर रात दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना स्थल सुनसान होने के कारण काफी देर तक किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। रात भर घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
बुधवार सुबह करीब आठ बजे राहगीरों ने सड़क किनारे क्षतिग्रस्त बाइक और दोनों युवकों के शव पड़े देखे। सूचना मिलते ही न्यूरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
न्यूरिया थानाध्यक्ष दिगंबर सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर है।
Top of Form
Bottom of Form