'एक पेड़ मां के नाम' को जनआंदोलन बनाने में जुटी योगी सरकार, मंत्री डॉ. अरुण कुमार बोले—हर नागरिक निभाए पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी
बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को बड़े जनआंदोलन का स्वरूप देने में जुटी है। प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करने का प्रयास है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि यही भावी पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण देने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
मीडिया से बातचीत में डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि 12 जुलाई को गोरखपुर में राज्य स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं पौधारोपण करेंगे तथा वन विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर प्रदेशवासियों को अभियान से जुड़ने का संदेश देंगे।
उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण से जोड़ना है। यदि समाज का हर वर्ग इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करेगा तो यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं रहेगा, बल्कि जनसहभागिता से एक व्यापक जनआंदोलन बन जाएगा।
डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। समाज के प्रत्येक नागरिक की भी इसमें समान भागीदारी आवश्यक है। जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पौधे लगाने के बाद उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प भी लें।
शुक्रवार देर रात डॉ. अरुण कुमार वरिष्ठ पत्रकार आर.के. सिंह का स्वास्थ्य जानने उनके आवास पहुंचे। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर भी उनके साथ मौजूद रहे। मंत्री ने आर.के. सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। केके सोलंकी, प्रशांत सिंह, सत्येंद्र सिंह चौहान, इंजीनियर निखिल प्रताप सहित अन्य गणमान्य लोग आदि भी इस दौरान उपस्थित रहे।