बरेली में 5.30 करोड़ की 2.645 किलो स्मैक के साथ बदायूं का युवक गिरफ्तार, पंजाब तक फैले नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 5 करोड़ 30 लाख रुपये कीमत की 2.645 किलोग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। थाना सुभाषनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने फूफा के साथ मिलकर स्मैक तस्करी करता था और यह खेप पंजाब की एक पार्टी को देने के लिए लाया गया था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।

Mar 8, 2026 - 21:15
 0
बरेली में 5.30 करोड़ की 2.645 किलो स्मैक के साथ बदायूं का युवक गिरफ्तार, पंजाब तक फैले नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
बरेली पुलिस द्वारा 5.30 करोड़ की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया तस्कर पुलिस की हिरासत में।

सुभाषनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की स्मैक बरामद

बरेली शहर के थाना सुभाषनगर पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 2.645 किलोग्राम अवैध स्मैक पाउडर के साथ गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ 30 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 38/29/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

बरेली के पुलिस अधीक्षक मानुष पारीक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोभित गुप्ता पुत्र पप्पू गुप्ता निवासी ग्राम सैजनी, थाना मूसाझाग, जनपद बदायूं के रूप में हुई है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा

अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सुभाषनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक भारी मात्रा में स्मैक लेकर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम रौंधी जाने वाले मार्ग पर एक बड़े पाकड़ के पेड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को रोक लिया।

तलाशी लेने पर उसके पास से 2.645 किलोग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 5.30 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

फूफा के साथ मिलकर करता था तस्करी

पुलिस पूछताछ में आरोपी शोभित गुप्ता ने बताया कि वह यह स्मैक अपने सगे फूफा रजनीश गुप्ता निवासी ग्राम मानिकपुर शिकारपुर, जनपद बदायूं से लेकर आया था। दोनों मिलकर लंबे समय से स्मैक तस्करी का धंधा करते हैं।

आरोपी ने बताया कि वह यह स्मैक पंजाब से आने वाली एक पार्टी को देने के लिए लाया था। सौदा होने के बाद मिलने वाले पैसों से वह अपने शौक पूरे करता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस अब इस स्मैक तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

SP_Singh AURGURU Editor