35 साल के बालेन शाह नेपाल के नए 'नायक',  सबसे युवा प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली

 नेपाल की राजनीति में बालेन शाह एक नायक के तौर पर उभरे। जेन-जी आंदोलन में भी उनकी अहम भूमिका रही। यूथ बालेन को प्रधानमंत्री बनाए जाने की मांग कर रहा था। उनकी ये मुराद अब पूरी हो गई है। रामनवमी के खास दिन बालेन ने नेपाल के पीएम पद की शपथ ली।

Mar 27, 2026 - 17:41
 0
35 साल के बालेन शाह नेपाल के नए 'नायक',  सबसे युवा प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली


काठमांडो। नेपाल में बालेन युग की शुरुआत हो गई है। 35 साल के बालेंद्र शाह उर्फ बालेन नेपाल  47वें  प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने पीएम पद की शपथ ले ली है। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने संविधान के नियमों के तहत बालेन को नेपाल के नए प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई। राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा कि नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने शुक्रवार को काठमांडू मेट्रोपॉलिटन सिटी के पूर्व मेयर बालेन शाह को संविधान के आर्टिकल 76(1) के तहत इस पद पर नियुक्त किया। शपथ समारोह राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में हुआ। बालेन के साथ उनके मंत्रिमंडल का भी शपथ ग्रहण हुआ। ये शपथ ग्रहण काफी खास रहा। 

बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने 5 मार्च को हुए चुनाव में 275 में से 182 सीटें जीतकर इतिहास रचा था। अब उन्होंने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली है। इस दौरान बालेन शाह ने नेपाली टोपी लगाई हुई थी। मंच पर बालेन शाह के पास वाली कुर्सी पर नेपाल की कार्यकारी पीएम सुशीला कार्की बैठी हुई थीं।  शपथ ग्रहण समारोह में मंच पर कई अन्य खास मेहमान भी नजर आए।

बालेन शाह ने शुक्रवार दोपहर 12:34 बजे राष्ट्रपति कार्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। पद और गोपनीयता की यह शपथ हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर सात शंखनादकों ने शंख ध्वनि के साथ मांगलिक शुरुआत की। परंपरा के अनुसार, शुभ कार्यों के आरंभ में शंखनाद को सफलता और सकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है।

उनके शपथ ग्रहण सामरोह की तस्वीरें सामने आई हैं, जिसमें सबसे ज्यादा ध्यान खींचा एक तस्वीर ने, जो कि उनकी बेटी की है। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान बालेन की पत्नी सबीना और बेटी भी मंच पर ही मौजूद थे। इस दौरान बालेन ने अपनी बेटी को अपनी गोद में उठा लिया।

बालेन शाह ने चार बार के प्रधानमंत्री रहे केपी शर्मा ओली को उनके ही गढ़ झापा-5 में भारी वोटों से शिकस्त दी थी। नेपाल के लोगों को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं। बालेन नेपाल के जेन-जी के बीच काफी लोकप्रिय हैं.। 27 अप्रैल, 1990 को काठमांडू में एक मधेसी परिवार में जन्मे शाह ने भारत में विश्वेश्वरैया टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री करने से पहले काठमांडू में अपनी बैचलर डिग्री पूरी की। इंजीनियरिंग में उनके एकेडमिक बैकग्राउंड ने उन्हें इंफ्रास्ट्रक्चर, शहरी विकास और पब्लिक वर्क्स की प्रैक्टिकल समझ दी. इसी तकनीकी विशेषज्ञता ने काठमांडू महानगरपालिका के महापौर (मेयर) के रूप में उनकी कार्यशैली और गवर्नेंस को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।