आमि शुभेंदु अधिकारी..., गवर्नर ने दिलाई शपथ,  दिलीप घोष और अग्निमित्रा पाल समेत पांच नेता बने मंत्री

कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सुवेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का अगला मुख्यमंत्री घोषित किया। इसके साथ ही शनिवार को पश्चिम बंगाल में आज़ादी के बाद राज्य में पहली बार बीजेपी के सरकार बन गई है।  ब्रिगेड ग्राउंड में सुवेंदु अधिकारी ने सीएम पद की शपथ ली। इसके बाद वह मंच पर मौजूद अतिथियों से मिले । पीएम नरेंद्र मोदी ने शुभकामनाएं दीं।

May 9, 2026 - 12:18
 0
आमि शुभेंदु अधिकारी..., गवर्नर ने दिलाई शपथ,  दिलीप घोष और अग्निमित्रा पाल समेत पांच नेता बने मंत्री

सुवेंदु अधिकारी एक साथ दो विधानसभा सीटों से चुनाव जीते हैं। अपने गृह जिले पूर्वी मिदनापुर की नंदीग्राम सीट से और दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर सीट से वह चुनाव जीते हैं। भवानीपुर में उन्होंने अपनी पूर्ववर्ती और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15,000 से ज़्यादा वोटों के अंतर से हराया। सुवेंदु अधिकारी को सबसे पहले 2021 के विधानसभा चुनावों में 'जायंट-किलर' (बड़े दिग्गजों को हराने वाला) का तमगा मिला था, जब उन्होंने नंदीग्राम में बनर्जी को हराया था। अपनी इस ताज़ा जीत के साथ, उन्होंने एक बार फिर बनर्जी को सत्ता से बेदखल कर दिया है।

दूसरे नंबर पर दिलीप घोष ने शपथ ली। दिलीप घोष बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद रह चुके हैं। वह बीजेपी के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

नरेंद्र मोदी की सरकार में मंत्री रह चुके निशिथ प्रमाणिक ने भी शुभेंदु सरकार के कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली। वह शनिवार को शपथ लेने वाले आखिरी मंत्री रहे।

पेशे से शिक्षक क्षुदिराम टुडू बीजेपी के आदिवासी चेहरा हैं। वह सरकारी स्कूल में टीचर रहे और पहली बार ही रानीबांध से चुनाव जीते हैं। उन्होंने संथाली भाषा में शपथ ली।

बनगांव से जीते अशोक कीर्तनिया भी कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं। वह मतुआ समुदाय से हैं।

बीजेपी की महिला नेता अग्निमित्रा पॉल ने भी शपथ ली। वह दो बार से लगातार जीत रही हैं।

शुभेंदु सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में एनडीए शासित राज्यों के सीएम, केंद्रीय मंत्री समेत कई अधिकारी मौजूद रहे


श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सहयोगी के पैर छुए पीएम मोदी ने

कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल की पहली बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक भावुक दृश्य देखने को मिला. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच पर पहुंचते ही 98 वर्षीय वरिष्ठ भाजपा नेता माखनलाल सरकार के पैर छुए, उन्हें गले लगाया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। माखनलाल सरकार पश्चिम बंगाल में भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे हैं। उन्होंने 1952 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ गिरफ्तारी दी थी और जम्मू-कश्मीर के लाल चौक पर उनके साथ तिरंगा फहराया था। भाजपा के शुरुआती दौर में उन्होंने पश्चिमी दीनाजपुर और दार्जिलिंग में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री मोदी के इस सम्मान से समारोह में मौजूद सभी लोग भावुक हो गए।