अविका गौर ने छोड़ा देश, बैंकॉक में हुईं शिफ्ट, बताया करियर के पीक पर क्यों लिया यह फैसला

'बालिका वधू' से घर-घर मशहूर हुईं अविका गौर ने हमेशा के लिए देश छोड़ दिया है और बैंकॉक शिफ्ट हो गई हैं। अविका ने करियर के पीक पर ऐसा फैसला क्यों लिया, इसकी वजह भी बताई है। अभी उनके पास साउथ की फिल्में और 'खतरों के खिलाड़ी' का नया सीजन है।

May 9, 2026 - 21:13
 0
अविका गौर ने छोड़ा देश, बैंकॉक में हुईं शिफ्ट, बताया करियर के पीक पर क्यों लिया यह फैसला


 
मुंबई। 'बालिका वधू' एक्ट्रेस अविका गौर ने देश छोड़ दिया है और वह हमेशा के लिए पति मिलिंद चंदवानी के साथ बैंकॉक शिफ्ट हो गईं हैं। यह खबर फैंस को झटका देने वाली है। अविका गौर साउथ के अलावा हिंदी टीवी शोज भी कर रही हैं और ऐसे में उनके अचानक देश छोड़कर बैंकॉक शिफ्ट होने का फैसला हैरान करने वाला है। अविका गौर ने इस बारे में एक इंटरव्यू में बताया। साथ ही बताया है कि उन्होंने क्यों बैंकॉक शिफ्ट होने का फैसला किया।

अविका गौर बैंकॉक में घर भी खरीद चुकी हैं और अब उसे अपनी पसंद के हिसाब से सजाने में लगी हुई हैं। अविका ने बताया कि वह बेशक हमेशा के लिए बैंकॉक चली गई हैं, पर इंडिया में काम करती रहेंगी और आती-जाती रहेंगी। अविका ने सितंबर 2025 में मिलिंद चंदवानी से शादी की थी। इससे पहले उन्होंने एक-दूसरे को सात साल तक डेट किया था।  

अविका गौर ने बैंकॉक शिफ्ट होने के बारे में कहा, 'हां, मैं और मिलिंद बैंकॉक चले गए हैं। हमने वहां एक घर भी खरीद लिया है, जिसे मैं अपनी पसंद के हिसाब से सजा रही हूं। मिलिंद और मैंने महसूस किया कि वहां काम के लिहाज से उनके लिए बेहतर अवसर हैं। और सच कहूं तो, मुझे भी यह एक्साइटिंग लगा। मुझे हमेशा ऐसा लगेगा जैसे मैं वहां छुट्टी पर हूं, तो क्यों न जाऊं? हम दोनों ने हमेशा एक-दूसरे को आगे बढ़ने में सपोर्ट किया है। यहां तक कि जब हम सात साल तक एक-दूसरे को डेट कर रहे थे तब भी। अगर मुझे कोई ऐसा प्रोजेक्ट मिलता है जिसके लिए मुझे महीनों तक घर से दूर रहना पड़े, तो वह पूरी तरह से मेरा साथ देते हैं। इसी तरह, मुझे नहीं लगता कि मुझे भी उनकी तरक्की में रुकावट डालनी चाहिए।'

अविका गौर ने कहा कि बेशक वह अब बैंकॉक में रहेंगी, पर इससे उन्हें करियर पर असर नहीं पड़ेगा और इंडिया में जो काम कर रही हैं, करती रहेंगी। वह बोलीं, 'जब मैं मुंबई में थी, तब भी मैं हैदराबाद, राजमुंद्री या विशाखापत्तनम में शूटिंग कर रही थी। मुझे एहसास हुआ कि जरूरी नहीं कि मुंबई ही मेरा बेस हो। मैं मुंबई में करीब एक महीने से ही हूं और काम के सिलसिले में ज्यादातर हैदराबाद या मुंबई में रहती हूं। मेरी प्रायॉरिटी हमेशा मेरी कमिटमेंट्स ही रहेंगे क्योंकि इन्हीं की वजह से मैं आज इस मुकाम पर हूं।'

जब अविका गौर से पूछा गया कि क्या उन्हें इस बात का डर है कि इंडिया में नहीं रहेंगी तो कई प्रोजेक्ट्स हाथ से छूट जाएंगे, तो वह बोलीं, 'मुझे जो भी काम मिलता है, वह मेरे शेड्यूल के अनुसार ही होता है, इसलिए मुझे नहीं लगता कि यह कभी कोई रुकावट बनेगा। और जब कोई मेरे साथ काम करना चाहता है, तो उन्हें मेरे लिए हर संभव कोशिश करनी चाहिए। जब मैंने इंडिया से बाहर जाने का फैसला शेयर किया, तो इंडस्ट्री के लोगों ने मेरा सपोर्ट किया।'