भारतीय सीमा पर बांग्लादेशी सुरक्षा गार्ड हाई अलर्ट, भारत से पुश इन का खौफ, नागरिकों को सीमा से दूर रहने की चेतावनी  

बांग्लादेश ने असम और पश्चिम बंगाल चुनावों में बीजेपी की जीत के बाद सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के जवान सीमा पर पहले से अधिक मुस्तैदी से गश्त कर रहे हैं। उन्होंने बांग्लादेशी नागरिकों को भारत से लगी सीमा से दूर रहने की चेतावनी दी है।  

May 7, 2026 - 19:59
 0
भारतीय सीमा पर बांग्लादेशी सुरक्षा गार्ड हाई अलर्ट, भारत से पुश इन का खौफ, नागरिकों को सीमा से दूर रहने की चेतावनी   



ढाका। बांग्लादेश ने भारत के दो सीमावर्ती राज्यों में विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। रिपोर्ट के अनुसार, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीसीबी) ने जशोर में बेनापोल सीमा पर सुरक्षा और निगरानी कड़ी की है। बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जशोर-49 बीजीबी और खुलना-21  के अधिकार क्षेत्र में आने वाले लगभग 102 किलोमीटर के सीमावर्ती इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। बांग्लादेश को आशंका है कि इन दोनों राज्यों में बीजेपी की जीत के बाद अवैध घुसपैठियों को बांग्लादेश की सीमा में ढकेला जा सकता है।

प्रोथोम आलो की रिपोर्ट के मुताबिक, जशोर-49 बीसीबी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर, लेफ्टिनेंट कर्नल गुलाम मोहम्मद सैफुल आलम खान ने कहा कि बल सभी प्रकार की घुसपैठ और सीमा पार अपराधों को रोकने के लिए हाई अलर्ट पर है। बेनापोल में रघुनाथपुर, शिकारपुर, सादीपुर, घीबा, पुतखाली, गोगा, दौलतपुर और रुद्रपुर सहित कई सीमा चौकियों पर BGB के अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है। इन इलाकों में गश्त और चौबीसों घंटे निगरानी भी बढ़ा दी गई है।  

 रिपोर्ट में बताया गया है कि बांग्लादेशी अधिकारियों ने लोगों को सीमावर्ती इलाकों के पास अनावश्यक आवाजाही न करने की भी चेतावनी दी है, खासकर रात के समय। कर्नल गुलाम मोहम्मद ने कहा, "सीमा पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी घुसपैठिया भारत से बांग्लादेश में प्रवेश न कर सके। अतिरिक्त गश्त के उपायों को भी मजबूत किया गया है।" सूत्रों ने बताया कि चुनावों के बाद पश्चिम बंगाल की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बढ़ाई गई है।

इसके अलावा, चापाइनवाबगंज में 140 किलोमीटर लंबी सीमा पर बीजीबी को हाई अलर्ट पर रखा गया है। 53 बीजीबी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल काजी मुस्तफिजुर रहमान ने कहा कि बीजीबी कड़ी निगरानी रख रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि भारत का सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) किसी को भी अवैध रूप से बांग्लादेश में धकेल न सके। उन्होंने कहा कि सीमा पर गश्त और खुफिया गतिविधियों को तेज कर दिया गया है, जबकि स्थानीय निवासियों से सतर्क रहने को कहा गया है। उन्होंने आगे कहा कि आपातकालीन उद्देश्यों को छोड़कर, 'जीरो लाइन' (सीमा रेखा) के पास आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है।

बांग्लादेश को आशंका है कि पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद अवैध घुसपैठियों को वापस उनके देश भेजा जा सकता है। चूंकि, बांग्लादेश की सरकार भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले अपने नागरिकों की पुष्टि करने से आनाकानी कर रही है। 2000 से अधिक घुसपैठियों की पहचान की पुष्टि लंबित है। ऐसे में बांग्लादेश को आशंका है कि भारत इन लोगों को उसकी सीमा में पुश इन कर सकता है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर काफी सख्त हैं।