बुमराह बने मुंबई इंडियंस के नए कप्तान, हार्दिक पंड्या, सूर्यकुमार यादव टीम से 'गायब'

जसप्रीत बुमराह साल 2013 से मुंबई इंडियंस से खेल रहे हैं लेकिन उन्हें आज से पहले कभी टीम की कप्तानी का मौका नहीं मिला था। वह भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी तक कर चुके हैं लेकिन ये पहला मौका है, जब पांच बार की चैंपियन टीम के लिए आईपीएल में बतौर कप्तान फैसले लेंगे।

May 14, 2026 - 20:53
 0
बुमराह बने मुंबई इंडियंस के नए कप्तान, हार्दिक पंड्या, सूर्यकुमार यादव टीम से 'गायब'

धर्मशाला। 32 साल के जसप्रीत बुमराह को मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाया गया है। आईपीएल 2026 में  पंजाब किंग्स के खिलाफ वह पांच बार की चैंपियन टीम की कैप्टेंसी कर रहे हैं। नियमित कप्तान हार्दिक पंड्या और उपकप्तान सूर्यकुमार यादव की गैरमौजूदगी में फ्रेंचाइजी ने ये फैसला लिया है। दुनिया के महानतम गेंदबाजों में शुमार बुमराह पहली बार आईपीएल में कप्तानी करेंगे। हालांकि उनके पास टेस्ट फॉर्मेट में टीम इंडिया की कप्तानी का अनुभव है।

13 साल तक मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी के लिए खेलने के बाद जसप्रीत बुमराह पर पहली बार इतना बड़ा भरोसा जताया गया है। 2013 में मुंबई इंडियंस से अपने करियर की शुरुआत करने वाले बुमराह किसी दूसरी टीम से कभी नहीं खेले। इस फ्रेंचाइजी के लिए वह 156 मैच खेल चुके हैं। मौजूदा सीजन में हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव के बाद वह टीम के तीसरे कप्तान हैं।

जसप्रीत बुमराह ने पंजाब किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। नियमित कप्तान हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में टीम की अगुआई कर रहे सूर्यकुमार यादव और स्पिनर अल्लाह गजनफर इस मुकाबले के लिए मुंबई की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं। पंजाब ने भी दो बदलाव करते हुए जेवियर बार्टलेट और अजमतुल्लाह उमरजई को एकादश में शामिल किया है।

जसप्रीत बुमराह को कप्तानी सौंपने की जरूरत हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव की गैरमौजूदगी के कारण हुई, जो क्रमशः मुंबई इंडियंस के कप्तान और कार्यवाहक कप्तान हैं और गुरुवार रात धर्मशाला में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में नहीं खेल रहे। पांच बार आईपीएल जीतने वाले कप्तान रोहित शर्मा भी मुंबई के लिए एक विकल्प हो सकते थे, लेकिन हाल के मैचों में वे ज्यादातर इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में नजर आए हैं।