आरआर के सामने चेन्नई की कमजोर चुनौती, जीत के लिए बनाने हैं 128 रन, आरआर की मजबूक शुरुआत
आईपीएल 2026 का रविंद्र जडेजा ने शानदार आगाज किया। उन्होंने अपने पहले ओवर में ही दो विकेट लेकर महफिल लूट ली। उन्होंने शिवम दुबे को भी आउट किया।
गुवाहाटी। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का तीसरा मुकाबला आज यानी 30 मार्च को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जा रहा है। दोनों टीमें जीत के साथ इस आईपीएल सीजन में अपनी शुरुआत करना चाहेंगी। आरआर के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स पहली पारी में 127 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जीत के लिए आरआर को 128 रन बनाने हैं।
आरआर के लिए यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने मिलकर तेज शुरुआत की है। 3 ओवर में राजस्थान ने 34 रन बना दिए हैं। समाचार लिखे जाने के समय चेन्नई के हाथ से मैच फिसलता जा रहा है। सूर्यवंशी 23 तो जायसवाल 10 रन बनाकर खेल रहे हैं।
उधर चेन्नई के लिए सर्वाधिक 43 रन जेमी ओवर्टन ने बनाए। जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और रविंद्र जडेजा ने 2-2 विकेट लिए।
आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन से पहले रविंद्र जडेजा चेन्नई सुपर किंग्स से राजस्थान रॉयल्स में ट्रेड हो गए थे। यह जडेजा की घर वापसी भी थी। राजस्थान रॉयल्स से ही जडेजा ने अपना आईपीएल करियर शुरू किया था। उन्होंने 2008 और 2009 में आरआर का प्रतिनिधित्व किया था। हालांकि अब घर वापसी पर जडेजा ने शानदार प्रदर्शन किया।
37 साल के रविंद्र जडेजा ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की और पहले ओवर में ही दो विकेट ले लिए। जड्डू ने पहले अच्छी लय में लग रहे सरफराज खान को एलबीडब्ल्यू किया। सरफराज 17 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद स्टार ऑलराउंडर शिवम दुबे बल्लेबाजी करने के लिए आए। उन्होंने आते ही जडेजा की गेंद पर छक्का लगा दिया।
हालांकि जडेजा ने उसी ओवर में दुबे से बदला ले लिया। उन्होंने शिवम दुबे को कैच आउट करवा दिया। दुबे सिर्फ 6 रन बनाकर ही आउट हो गए। रविंद्र जडेजा ने शिवम दुबे को आउट कर गन सेलिब्रेशन भी किया था। जडेजा ने सीएसके के खिलाफ 3 ओवर में सिर्फ 18 रन दिए और 2 अहम विकेट लिए।
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपना पांचवां खिताब 2023 में गुजरात टाइटंस को हराकर जीता था। रविंद्र जडेजा ने आखिरी 2 बॉल पर 10 रन बनाकर अहमदाबाद में चेन्नई को चैंपियन बनाया था। उन्होंने पहले मोहित शर्मा की गेंद पर छक्का लगाया और फिर आखिरी बॉल पर चौका लगाकर चेन्नई को फाइनल जिताया।