पाकिस्तान के क्वेटा में खूनी धमाका: रेलवे ट्रैक के पास आत्मघाती हमले में 24 की मौत, 100 से ज्यादा घायल, सैन्य कर्मियों को ले जा रही ट्रेन को बनाया गया निशाना, धमाके से दहली पास की बस्ती; अस्पतालों में इमरजेंसी लागू

इस्लामाबाद/क्वेटा। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा रविवार सुबह एक भीषण आत्मघाती हमले से दहल उठी। रेलवे ट्रैक के पास हुए शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

May 24, 2026 - 13:14
 0
पाकिस्तान के क्वेटा में खूनी धमाका: रेलवे ट्रैक के पास आत्मघाती हमले में 24 की मौत, 100 से ज्यादा घायल, सैन्य कर्मियों को ले जा रही ट्रेन को बनाया गया निशाना, धमाके से दहली पास की बस्ती; अस्पतालों में इमरजेंसी लागू

जानकारी के अनुसार हमला क्वेटा के चमन फाटक इलाके के पास उस समय हुआ, जब एक ट्रेन वहां से गुजर रही थी। प्रारंभिक जांच में इसे आत्मघाती हमला माना जा रहा है। धमाका इतना जबरदस्त था कि ट्रेन के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए और उनमें आग लग गई। रेलवे ट्रैक के आसपास खड़े करीब 10 वाहन भी विस्फोट की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके के प्रभाव से आसपास की इमारतों के शीशे और खिड़कियां तक टूट गईं।

बताया जा रहा है कि हमले का निशाना सैन्य कर्मियों को ले जा रही ट्रेन थी, जो क्वेटा कैंट क्षेत्र से रवाना हुई थी। कुछ पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि प्रतिबंधित बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने इस फिदायीन हमले की जिम्मेदारी ली है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

धमाके के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चारों तरफ धुएं के गुबार और चीख-पुकार के बीच पुलिस, सेना, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को तत्काल क्वेटा के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां मेडिकल इमरजेंसी लागू कर दी गई है। अतिरिक्त डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को भी ड्यूटी पर बुलाया गया है।

घटना के बाद बलूचिस्तान सरकार ने पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है तथा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि कई एजेंसियां मिलकर इस हमले की जांच कर रही हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार बलूचिस्तान में बढ़ती अलगाववादी गतिविधियां पाकिस्तान सरकार के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही हैं। हाल के महीनों में रेलवे नेटवर्क, सैन्य ठिकानों और सरकारी प्रतिष्ठानों पर लगातार हमले बढ़े हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor