सांसद एवं राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के डिप्टी लीडर अशोक मित्तल के पंजाब स्थित ठिकानों पर ईडी के छापे, फेमा के मामलों में एक्शन

नई दिल्ली/जालंधर। आम आदमी पार्टी के सांसद और राज्यसभा में संसदीय दल के उप नेता अशोक कुमार मित्तल पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ा एक्शन लिया है। बुधवार सुबह उनके आवास समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिससे राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

Apr 15, 2026 - 12:27
 0
सांसद एवं राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के डिप्टी लीडर अशोक मित्तल के पंजाब स्थित ठिकानों पर ईडी के छापे, फेमा के मामलों में एक्शन
सांसद अशोक कुमार मित्तल।

सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीमें पंजाब के जालंधर, फगवाड़ा सहित कई स्थानों पर पहुंचीं और मित्तल से जुड़े प्रतिष्ठानों व परिसरों की गहन जांच शुरू की। कार्रवाई लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) और लवली ग्रुप से जुड़े ठिकानों तक फैली बताई जा रही है।

किस मामले में कार्रवाई

बताया जा रहा है कि यह छापेमारी विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में की जा रही है। हालांकि ईडी ने अभी तक आधिकारिक रूप से पूरे मामले का विस्तृत खुलासा नहीं किया है, लेकिन दस्तावेज़ों और लेन-देन की गहन पड़ताल जारी है।

सियासी तूल पकड़ सकता है यह मामला

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब अशोक कुमार मित्तल हाल ही में राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के डिप्टी लीडर बनाए गए हैं। इससे पहले यह जिम्मेदारी राघव चड्ढा के पास थी।
छापेमारी के बाद आम आदमी पार्टी ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।

ईडी की टीमें अभी भी छानबीन कर रहीं

ईडी की टीमें अभी भी कई ठिकानों पर मौजूद हैं और डिजिटल डेटा, वित्तीय दस्तावेज़ व अन्य साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कई घंटे तक चल सकती है और आगे और खुलासे होने की संभावना है।

इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई ने एक बार फिर केंद्र बनाम विपक्ष की लड़ाई को हवा दे दी है। आने वाले समय में यह मामला और तूल पकड़ सकता है, क्योंकि जांच के निष्कर्षों के साथ-साथ राजनीतिक बयानबाजी भी तेज होने के आसार हैं।

SP_Singh AURGURU Editor