फतेहपुर सीकरी कबड्डी महोत्सव 2026 का पोस्टर लॉन्च: देशभर की 100 टीमें और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भाग लेंगे
-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी। शहीद दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले फतेहपुर सीकरी कबड्डी महोत्सव 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में महोत्सव का पोस्टर लॉन्च किया गया। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
पोस्टर लॉन्च कार्यक्रम में बृज क्षेत्र मंत्री राहुल चौधरी मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 100 कबड्डी टीमों के भाग लेने की संभावना है। प्रतियोगिता पूरी तरह मैट पर आयोजित की जाएगी तथा खिलाड़ियों के लिए रहने और भोजन की नि:शुल्क व्यवस्था भी की गई है।
इस अवसर पर सरपंच एवं चेयरमैन विश्वेंद्र कुमार ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजन युवाओं में नई ऊर्जा और जोश भरने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक भारतीय खेल को बढ़ावा देना समय की जरूरत है और युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के लिए ऐसे आयोजन लगातार होने चाहिए।
कार्यक्रम में शिशु प्रधान कराही, डब्बू प्रधान कराही, सुनील प्रधान, दामोदर ओझा, गौरव जिंदल और मनु चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस भव्य आयोजन में कबड्डी जगत के कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल होंगे। इनमें दीपक हुड्डा, राहुल चौधरी और अर्जुन देशवाल जैसे प्रसिद्ध खिलाड़ी भाग लेंगे, जबकि 2004 कबड्डी विश्व कप विजेता संजीव बालियान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए मौजूद रहेंगे।
यह तीन दिवसीय फतेहपुर सीकरी कबड्डी महोत्सव 21, 22 और 23 मार्च 2026 को बिल्ड फॉर सक्सेस डिग्री कॉलेज, कराही (एनएच-21 आगरा-जयपुर हाईवे) में आयोजित किया जाएगा। इसमें 21 मार्च को बालिका वर्ग, 22 मार्च को बालक वर्ग तथा 23 मार्च को फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 51,000 रुपये और किट, जबकि उपविजेता टीम को 21,000 रुपये और किट प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। आयोजन समिति ने देशभर के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आयोजन को सफल और ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।