बरेली में खेल का महासंग्राम: 54वीं सीनियर महिला नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप का धमाकेदार आगाज़, देशभर की 24 टीमें मैदान में, खिताब के लिए जोरदार टक्कर शुरू
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित फ्यूचर यूनिवर्सिटी के खेल मैदान में 54वीं सीनियर महिला नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप-2026 का ऊर्जा से भरपूर शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन और हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के संयुक्त तत्वावधान और फ्यूचर यूनिवर्सिटी के सहयोग से आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेल कौशल, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा का शानदार संगम देखने को मिल रहा है।
इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कुल 24 टीमें भाग ले रही हैं। देशभर की सर्वश्रेष्ठ महिला हैंडबॉल खिलाड़ी अगले चार दिनों तक खिताब के लिए मैदान में जोरदार संघर्ष करती नजर आएंगी।
उद्घाटन समारोह में जुटे दिग्गज, खिलाड़ियों का हुआ उत्साहवर्धन
सोमवार सायं यूनिवर्सिटी के स्पोर्ट्स ग्राउंड पर भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक संजीव अग्रवाल, जिलाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, फ्यूचर यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति मुकेश गुप्ता, उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के महासचिव अनादेश्वर पाण्डेय, डॉ. तेज राज सिंह, उप सचिव अमित पाण्डेय, जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष गुप्ता और कोषाध्यक्ष डॉ. स्वतंत्र कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
समारोह में उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन और हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के पदाधिकारी, विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य, विभागाध्यक्ष, निदेशक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
पहला मुकाबला यूपी बनाम ओडिशा, खिलाड़ियों में दिखा जोश
उद्घाटन के बाद पहला मुकाबला उत्तर प्रदेश और ओडिशा के बीच खेला गया। मैच से पहले खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया और उनका उत्साहवर्धन किया गया, जिससे पूरे मैदान में जोश और ऊर्जा का माहौल बन गया।
खेल से निखरेगा भविष्य, बोले अतिथि
जिलाधिकारी अविनाश कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागी जीत के लक्ष्य के साथ खेलें और अनुशासन, कड़ी मेहनत व एकाग्रता को अपना मंत्र बनाएं।
विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि खेलो इंडिया जैसे अभियानों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है और ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जहां चैंपियन उभरते हैं, के नारे के साथ शुरू हुई यह चैंपियनशिप महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है। यह मंच देशभर की महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्रदान कर रहा है।