मौत के करीब भारत का सबसे बड़ा दुश्मन,   मसूद अजहर की बिगड़ी तबीयत,  मांग रहा जिंदगी की दुआएं

पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का सरगना और संयुक्त राष्ट्र में नामित अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी मसूद अजहर बीमार है। उसे हाल में ही एक ऑडियो संदेश में बार-बार खांसते हुए सुना गया है। पाकिस्तान में उसका इलाज भी चल रहा है। इसके बावजूद वह जैश के आतंकी काडर को फिर से खड़ा करने की कोशिश कर रहा है।

Mar 18, 2026 - 21:21
 0
मौत के करीब भारत का सबसे बड़ा दुश्मन,   मसूद अजहर की बिगड़ी तबीयत,  मांग रहा जिंदगी की दुआएं

इस्लामाबाद। जैश-ए-मोहम्मद का संस्थापक और संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकवादी मसूद अजहर की सेहत को लेकर बड़ा दावा किया गया है। कहा जा रहा है कि मसूद अजहर गंभीर रूप से बीमार है। हाल में ही मसूद अजहर का एक ऑडियो क्लिप वायरल हुआ है, जिसमें उसे अपने आतंकी लड़ाकों से बात करते वक्त खांसते हुए सुना जा सकता है। ऐसा कहा जा रहा है कि इसका पाकिस्तान में इलाज भी चल रहा है। हालांकि, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई की कड़ी निगरानी के कारण उसका लोकेशन अब भी दुनिया के लिए रहस्य बना हुआ है।

रेजोनैन्ट न्यूज की रिपोर्ट में बताया गया है कि मसूद अजहर की तबीयत कथित तौर पर खराब है। इसमें कहा गया है कि रमजान खत्म होने के मौके पर मसूद अजहर के हालिया ऑडियो संदेश यह साबित करते हैं कि पिछले कुछ महीनों से मसूद अज़हर की शारीरिक हालत लगातार बिगड़ रही है। रिपोर्ट के अनुसार, अगर मसूद अजहर की मौत हो जाती है, तो उम्मीद की जा रही है कि उसका भाई रऊफ असगर अज़हर जैश-ए-मोहम्मद आतंकवादी समूह की कमान संभालेगा।

रिपोर्ट में बताया गया है कि मसूद अजहर ने लगभग 21 मिनट लंबा ऑडियो संदेश जारी किया था। इस संदेश को खास तौर पर ईद के कुछ समय पहले जारी किया गया था। इसमें कहा गया है कि मसूद अजहर की यह आदत रही है कि वह महत्वपूर्ण धार्मिक या प्रतीकात्मक अवसरों से पहले ऑडियो बयान जारी करता है। इस ऑडियो में मसूद अजहर को बार-बार खांसते हुए सुना जा सकता है। साथ ही, उसे जैश के आतंकवादियों से अपने लिए दुआ करने के लिए कहते हुए भी सुना जा सकता है।

मसूद अज़हर पाकिस्तानी स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का संस्थापक और प्रमुख है। उसे 1 मई 2019 को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित किया था। मसूद अजहर का जन्म 10 जुलाई 1968 को पाकिस्तान के पंजाब सूबे के बहावलपुर में हुआ था। वह 1994 में भारत में आतंकी गतिविधियों में गिरफ्तार हुआ था, लेकिन 1999 में इंडियन एयरलाइंस के IC-814 विमान अपहरण के बाद यात्रियों की सुरक्षित रिहाई के बदले उसे छोड़ दिया गया था। मसूद अजहर ने ही 2001 के संसद हमले और 2019 के पुलवामा हमले की साजिश रची थी।