शिखर के प्यार में डूबीं जाह्नवी कपूर, मेहंदी में लिखा 'शिखु', रिसेप्शन से वायरल हुईं तस्वीरें

अंशुला कपूर के वेडिंग रिसेप्शन में जाह्नवी कपूर का ट्रेडिशनल लुक सोशल मीडिया पर छा गया। डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की साड़ी में नजर आईं जाह्नवी की मेहंदी में बॉयफ्रेंड शिखर पहाड़िया का निकनेम 'शिखु' लिखा दिखाई दिया। इससे पहले भी वह शिखर के नाम का नेकलेस, टी-शर्ट और खास मैसेज वाला नाइटसूट पहनकर अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियां बटोर चुकी हैं।

Jul 9, 2026 - 19:41
 0
शिखर के प्यार में डूबीं जाह्नवी कपूर, मेहंदी में लिखा 'शिखु', रिसेप्शन से वायरल हुईं तस्वीरें

मुबंई। अंशुला कपूर के वेडिंग रिसेप्शन में बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर अपने स्टाइलिश अंदाज के साथ-साथ एक खास वजह से भी चर्चा का विषय बन गईं। उनके शानदार ट्रेडिशनल लुक ने जहां फैशन लवर्स का दिल जीत लिया, वहीं उनकी मेहंदी में छिपे एक नाम ने सोशल मीडिया पर नई चर्चा छेड़ दी। जाह्नवी कपूर ने रिसेप्शन की कई खूबसूरत तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा कीं। इन तस्वीरों में फैंस की नजर उनकी मेहंदी पर गई, जहां बारीकी से 'शिखु' लिखा हुआ दिखाई दिया।

'शिखु' दरअसल उनके कथित बॉयफ्रेंड शिखर पहाड़िया का निकनेम है। मेहंदी में इस तरह उनका नाम शामिल करना फैंस के लिए किसी खास संकेत से कम नहीं माना जा रहा है। सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने के बाद लोग इसे उनके रिश्ते का एक और सार्वजनिक इशारा बता रहे हैं।

रिसेप्शन में ढोल बजाकर बटोरी लाइमलाइट

अंशुला कपूर के वेडिंग रिसेप्शन का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जाह्नवी कपूर पूरे उत्साह के साथ ढोल बजाती नजर आ रही हैं। उनके इस एनर्जेटिक अंदाज को मेहमानों ने खूब पसंद किया और सोशल मीडिया पर भी वीडियो को जमकर शेयर किया जा रहा है।

मनीष मल्होत्रा की साड़ी में दिखा ग्लैमरस अंदाज

रिसेप्शन के लिए जाह्नवी कपूर ने मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की सिल्क साड़ी पहनी थी। इसके साथ उन्होंने स्ट्रैपलेस ब्लाउज कैरी किया, जिसने उनके लुक को और भी आकर्षक बना दिया। मिनिमल ज्वेलरी, सॉफ्ट मेकअप और एलिगेंट हेयरस्टाइल ने उनके पूरे लुक में चार चांद लगा दिए।

पहले भी कई बार दे चुकी हैं रिश्ते के संकेत

यह पहली बार नहीं है जब जाह्नवी कपूर ने शिखर पहाड़िया के लिए अपने प्यार का इशारा किया हो। 2024 में फिल्म 'मैदान' की स्क्रीनिंग के दौरान वह 'शिखु' नाम का नेकलेस पहनकर पहुंची थीं।हाल ही में उनकी एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें उन्होंने पिंक रंग का नाइटसूट पहना था। उस पर अंग्रेजी में लिखा था—"If Lost, Please Return to Shikhar Pahariya" यानी "अगर मैं गुम हो जाऊं, तो कृपया मुझे शिखर पहाड़िया के पास लौटा दें।" इससे पहले भी वह शिखर के नाम वाली टी-शर्ट पहनकर स्पॉट हो चुकी हैं। इन सभी मौकों ने उनके रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं को और मजबूती दी है।

परिवार के बेहद करीब हैं शिखर पहाड़िया

शिखर पहाड़िया अक्सर कपूर परिवार के निजी समारोहों में नजर आते हैं। वे सिर्फ जाह्नवी के साथ वेकेशन पर ही नहीं जाते, बल्कि परिवार के साथ मंदिरों में दर्शन करते हुए भी कई बार दिखाई दिए हैं। अनंत अंबानी के शादी समारोह सहित कई बड़े आयोजनों में दोनों साथ नजर आ चुके हैं।

'कॉफी विद करण' में भी दिया था इशारा

अप्रैल 2024 में 'कॉफी विद करण' के एक एपिसोड में जाह्नवी कपूर ने बिना किसी का नाम लिए संकेत दिया था कि वह रिलेशनशिप में हैं। इसके बाद से दोनों की शादी की अटकलें भी समय-समय पर सामने आती रही हैं।

बचपन की दोस्ती से शुरू हुई थी लव स्टोरी

जाह्नवी कपूर और शिखर पहाड़िया एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं। दोनों के रिश्ते की खबरें पहली बार 2016 में सामने आई थीं। हालांकि 2018 में उनके अलग होने की चर्चाएं भी हुईं, लेकिन 2023 से दोनों फिर लगातार साथ दिखाई देने लगे। तिरुपति मंदिर में दर्शन, वेकेशन, पार्टियां और फैमिली फंक्शन, हर खास मौके पर दोनों की मौजूदगी ने उनके रिश्ते को लेकर चर्चाओं को लगातार हवा दी है।

कौन हैं शिखर पहाड़िया?

शिखर पहाड़िया महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे के नाती हैं। वे स्मृति शिंदे और संजय पहाड़िया के बेटे हैं। शिखर एक एंटरप्रेन्योर और इन्वेस्टर हैं तथा बिजनेस और स्टार्टअप सेक्टर से जुड़े हुए हैं। हालांकि वह फिल्मों से दूर हैं, लेकिन बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों के साथ उनकी अच्छी दोस्ती है।