खतरों के खिलाड़ी 15, कन्फर्म कंटेस्टेंट्स का ऐलान, गौरव खन्ना-रुबीना समेत 12 कंटेस्टेंट्स फाइनल
फाइनली 'खतरों के खिलाड़ी 15' के कंटेस्टेंट्स की ऑफिशियल लिस्ट जारी कर दी गई है। कलर्स चैनल ने सभी 12 कंटेस्टेंट्स की झलक दिखाई है। इस बार के सीजन में गौरव खन्ना, रुबीना दिलैक, हर्ष गुजराल, ओरी, अविका गौर और अविनाश मिश्रा जैसे सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स डर का सामना करते नजर आएंगे।
मुंबई। आखिरकार जिस पल का इंतजार था, वह आ चुका है। 'खतरों के खिलाड़ी 15' के 12 कन्फर्म कंटेस्टेंट्स की लिस्ट ऑफिशियली जारी कर दी गई है। शो को रोहित शेट्टी ही होस्ट करेंगे। फैंस काफी समय से इस नए सीजन का इंतजार कर रहे थे। 'खतरों के खिलाड़ी 15' के लिए कई सेलिब्रिटीज के नामों की चर्चा हो रही थी, और कुछ पर मुहर लगने की भी बात सामने आई थी, पर कन्फर्म नाम आउट नहीं हुए थे। पर अब लिस्ट जारी हो चुकी है। फैंस न सिर्फ कंटेस्टेंट्स का नाम जानने को बेताब हैं, बल्कि यह भी जानना चाहते हैं कि इस बार के सीजन में क्या खास होगा। तो चलिए बताते हैं कि 'खतरों के खिलाड़ी 15' में वो कौन से 12 कंटेस्टेंट्स हैं, जो एक-दूसरे से टकराएंगे।
'खतरों के खिलाड़ी 15' के जिन 12 कंटेस्टेंट्स के नाम जारी किए गए हैं, वो हैं:
1. करण वाही
इस लिस्ट में पहला नाम है एक्टर करण वाही का। वह 'खतरों के खिलाड़ी 8' में भी नजर आए थे, पर तब 8वीं पोजिशन पर शो से बाहर हो गए थे। इसके बाद करण 'खतरों के खिलाड़ी-मेड इन इंडिया' का भी हिस्सा रहे। इस हिसाब से देखें तो करण वाही 'खतरों के खिलाड़ी' के सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं और उन्हें इस शो की चुनौतियों का भी अच्छे से अंदाजा होगा।
2. गौरव खन्ना
दूसरे नंबर पर हैं गौरव खन्ना, जो दो रियलिटी शोज जीत चुके हैं और अब 'खतरों के खिलाड़ी 15' के लिए पूरी तरह कमर कस चुके हैं। पहले गौरव ने 'सेलिब्रिटी मास्टरशेफ' जीता था, और फिर 'बिग बॉस 19' के विनर रहे। अब उनकी नजर 'खतरों के खिलाड़ी 15' पर हैं।
3. ऋत्विक धनजानी
तीसरे कंटेस्टेंट हैं एक्टर ऋत्विक धनजानी और वह भी इस शो के अनुभवी खिलाड़ी हैं। वह भी करण वाही की तरह 'खतरों के खिलाड़ी 8' में बतौर कंटेस्टेंट शामिल हुए थे, पर 7वें नंबर पर बाहर हो गए थे। फिर 'खतरों के खिलाड़ी-मेड इन इंडिया' में भी आए, पर निजी कारणों से तब शो बीच में ही छोड़ना पड़ा था।
4. विशाल आदित्य सिंह
एक्टर विशाल आदित्य सिंह 'खतरों के खिलाड़ी 15' का हिस्सा हैं। वह 'खतरों के खिलाड़ी 11' में कंटेस्टेंट के तौर पर शामिल हुए थे। उस सीजन में वह रनर-अप रहे थे। हालांकि, उन्होंने फिनाले टास्क बीच में ही छोड़ दिया था। उस सीजन में विशाल ने वाइल्ड कार्ड के तौर पर भी एंट्री की थी।
5. फरहाना भट्ट
पांचवीं कंटेस्टेंट हैं फरहाना भट्ट, जो गौरव खन्ना के साथ 'बिग बॉस 19' में नजर आई थीं और फर्स्ट रनर-अप रहीं। उस शो में गौरव खन्ना और फरहाना के बीच खूब मतभेद देखने को मिले थे। अब देखना यह होगा कि 'खतरों के खिलाड़ी 15' में फरहाना और गौरव के बीच कैसा मुकाबला देखने को मिलेगा।
6. अविनाश मिश्रा
'खतरों के खिलाड़ी 15' के छठे कंटेस्टेंट हैं एक्टर अविनाश मिश्रा, जो 'बिग बॉस 18' के फाइनलिस्ट भी रहे। अविनाश उसी साल 'खतरों के खिलाड़ी' के लिए सिलेक्ट हो गए थे, पर किन्ही कारणों से शो उस साल नहीं आया। अब जब 'खतरों के खिलाड़ी' लौटा है, तो अविनाश उसका हिस्सा हैं और अपना दमखम दिखाने को तैयार हैं।
7. जैस्मिन भसीन
जैस्मिन भसीन 'खतरों के खिलाड़ी 15' में हिस्सा लेने वाली सातवीं कंटेस्टेंट हैं। वह भी इस शो की अनुभवी खिलाड़ी हैं और खतरनाक स्टंट से सबको हैरान कर चुकी हैं। जैस्मिन 'खतरों के खिलाड़ी 9' और 'खतरों के खिलाड़ी-मेड इन इंडिया' में भी नजर आई थीं। 'खतरों के खिलाड़ी 9' में जैस्मिन भसीन फाइनलिस्ट रही थीं।
8. हर्ष गुजराल
आठवें कंटेस्टेंट हैं हर्ष गुजराल और वह पहली बार 'खतरों के खिलाड़ी' का हिस्सा बने हैं। हालांकि, रियलिटी शोज की दुनिया में हर्ष ने 'द ट्रेटर्स' से एंट्री की थी। हर्ष गुजराल जाने-माने स्टैंड-अप कॉमेडियन हैं।
9. अविका गौर
'बालिका वधू' फेम अविका गौर भी इस बार 'खतरों के खिलाड़ी 15' का हिस्सा हैं। वह शो की 9वीं कंटेस्टेंट हैं। वह भी 'खतरों के खिलाड़ी' की पुरानी खिलाड़ी हैं। अविका 'खतरों के खिलाड़ी 9' में नजर आई थीं। वहीं हाल ही वह रियलिटी शो 'पति पत्नी और पंगा' में नजर आई थीं। सितंबर 2025 में ही वह शादी के बंधन में बंधी थीं।
10. शगुन शर्मा
'खतरों के खिलाड़ी 15' की 10वीं कंटेस्टेंट शगुन शर्मा हैं। वह एक पॉपुलर टीवी एक्ट्रेस हैं और 'इश्क पर जोर नहीं', 'ससुराल गेंदा फूल 2' और 'ये है चाहतें' जैसे सीरियलों का हिस्सा रह चुकी हैं।
11. रुबीना दिलैक
11वीं कंटेस्टेंट हैं रुबीना दिलैक, जो 'बिग बॉस 14' की विनर रह चुकी हैं और 'खतरों के खिलाड़ी 12' का भी हिस्सा रही थीं। उस सीजन में रुबीना 5वीं पोजिशन तक पहुंची थीं और फिर बाहर हो गई थीं।
12. ओरी
और 12वें कंटेस्टेंट हैं ओरी, जिनका जलवा बॉलीवुड से लेकर सोशल मीडिया और हाई-फाई सेलिब्रिटीज के बीच खूब आम है। बतौर कंटेस्टेंट यह ओरी का पहला रियलिटी शो है और देखना दिलचस्प होगा कि वह किस तरह से खतरनाक स्टंट करेंगे। वैसे गेस्ट के तौर पर वह 'बिग बॉस 17' में नजर आए थे।
'खतरों के खिलाड़ी 15' की टेलिकास्ट डेट का ऐलान नहीं किया गया है, पर कहा जा रहा है कि यह जून के आखिर या फिर जुलाई की शुरुआत से टेलिकास्ट हो सकता है। इस सीजन की शूटिंग केप टाउन में होने की चर्चा है।