मानव सुथार का इंग्लैंड में भी कमाल, काउंटी चैंपियनशिप में लिए सात विकेट, अपनी टीम को दिलाई जीत
काउंटी चैंपियनशिप में मानव सुथार ने वारविकशायर के लिए 7 बल्लेबाजों को आउट किया। हैम्पशायर के खिलाफ मैच में वारविकशायर को 7 विकेट से जीत मिली।
लंदन। श्रीलंका में मानव सुथार ने भारत के टेस्ट सीरीज में कमाल का प्रदर्शन किया था। पहले टेस्ट में मानव ने 10 बल्लेबाजों को आउट किया तो दूसरे में 6 विकेट झटके। श्रीलंका दौरा खत्म होने के बाद मानव सुथार इंग्लैंड पहुंच गए हैं। वहां काउंटी चैंपियनशिप खेली जा रही है। मानव वारविकशायर की टीम का हिस्सा हैं। हैम्पशायर के खिलाफ मैच में मानव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई।
वारविकशायर के लिए मानव सुथार के बल्ले से सिर्फ 9 रन निकले लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने छाप छोड़ी। हैम्पशायर की पहली पारी में उन्होंने 16 ओवर में 42 रन देकर तीन विकेट लिए। इस दौरान निक गुब्बिन्स, जेम्स फुलर और एडी जैक को आउट किया। दूसरी पारी में मानव ने 23.3 ओवर में 52 रन देकर 4 विकेट लिए। इस तरह मैच में उन्होंने 39.3 ओवर में 94 रन देकर 7 विकेट चटकाए।
काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन-1 के इस मैच में वारविकशायर को एक पारी और 129 रनों से जीत मिली। साउथैप्टन के रोज बाउल के मैदान पर पहले बैटिंग करते हुए वारविकशायर ने 398 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज रोबर्ट्स याट्स ने 109 रनों की पारी खेली। सैम हैन ने 90 रन बनाए। काइल एबॉट ने 4 और एंड्रयू जॉन नील ने 3 बल्लेबाजों को आउट किया। हैम्पशायर की पहली पारी सिर्फ 115 रनों पर सिमट गई। इसके बाद फॉलोऑन खेलते हुए टीम 154 रनों पर ऑलआउट हो गई।
24 साल के मानव सुथार ने भारत के लिए टेस्ट डेब्यू अफगानिस्तान के खिलाफ किया था। अपने पहले ही टेस्ट में उन्होंने प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता था। अभी तक खेले 3 टेस्ट मैचों में उन्होंने 23 विकेट झटके हैं। इसके साथ ही बल्ले से 79 रनों का योगदान दिया है। भारतीय टेस्ट टीम में मानव सुथार को रविंद्र जडेजा के रिप्लेसमेंट के रूप में देखा जा रहा है। जडेजा 36 साल के हो चुके हैं।