पीएम मोदी ने फोन पर दिया ट्रंप को भरोसा,   बोले - भारत के लोग आपसे प्यार करते हैं,  दोनों के बीच हुई 40 मिनट तक बात,  कई अहम मुद्दों पर चर्चा

भारत में अमेरिकी दूत सर्जियो गोर ने पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई हालिया बातचीत के अहम डीटेल्स शेयर की हैं। गोर ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी को मिडिल ईस्ट की युद्धग्रस्त स्थिति और होर्मुज की खाड़ी के घटनाक्रमों पर ताजा अपडेट दिया है। इस बातचीत में न केवल रणनीतिक सुरक्षा, बल्कि वॉशिंगटन और दिल्ली के बीच चल रहे बड़े व्यापारिक प्रोजेक्ट्स पर भी चर्चा हुई। पीएम मोदी ने इस दौरान ट्रंप को भारतीय जनता के प्यार का संदेश दिया।

Apr 14, 2026 - 21:08
 0
पीएम मोदी ने फोन पर दिया ट्रंप को भरोसा,   बोले - भारत के लोग आपसे प्यार करते हैं,  दोनों के बीच हुई 40 मिनट तक बात,  कई अहम मुद्दों पर चर्चा

वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान की शांति-वार्ता फेल होने के बाद आज अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी को कॉल किया। दोनों के बीच करीब 40 मिनट तक बात हुई। इस दौरान पश्चिम एशिया के हालात और होर्मुज खोलने पर डिस्कशन चला। इस फोन कॉल को लेकर भारत में अमेरिका के दूत सर्जियो गोर ने अंदर की बातें शेयर की हैं। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने ट्रंप को दिलासा देते हुए कहा है कि ‘भारत के लोग आपसे प्यार करते हैं’। गोर ने फोन कॉल पर हुई और भी कई इनसाइड डीटेल्स शेयर की हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगलवार शाम में फोन कर पश्चिम एशिया में चल रहे हालात को लेकर जानकारी दी। पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया संकट समेत कई अहम मुद्दों को ट्रंप के सामने उठाया।  सीजफायर और अमेरिका-ईरान के बीच वार्ता विफल होने के बाद दोनों नेताओं की पहली बातचीत है।

इस बीच पीएम मोदी ने एक्स हैडल पर लिखा कि मुझे मेरे मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फोन आया। हमने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की। हम सभी क्षेत्रों में अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर बल दिया।

 सीजफायर के बाद पाकिस्तान में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत हुई लेकिन कई मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाने के कारण यह वार्ता विफल हो गई। इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधियों के बीच लगभग 21 घंटे तक मंथन हुआ लेकिन फिर भी बात नहीं बन सकती और वार्ता विफल हो गई।

इससे पहले दोनों नेताओं के बीच 24 मार्च को फोन पर बातचीत हुई थी। इस बातचीत में भी दोनों नेताओं ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने पर चर्चा की थी। हालांकि, उस समय बात नहीं बन सकी थी। इस बार की बातचीत से क्या समाधान निकलता है वह भविष्य ही बताएगा।