पीएम मोदी ने कहा- आज का दिन ऐतिहासिक, गंगोत्री से गंगासागर तक कमल
पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है, जिसमें सबसे ज्यादा चर्चा बंगाल की जीत की हो रही है। इस ऐतिहासिक कामयाबी से पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और देशभर में जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है। इस बीच पीएम नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पहुंच गए हैं। यहां वे कार्यकर्ताओं के साथ जीत का जश्न साझा कर रहे हैं।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, '2013 में जब भाजपा ने मुझे प्रधानमंत्री के उम्मीदवार के रूप में भी काम दिया और जब मैं काशी में अपना नामांकन भरने गया था और पत्रकारों ने मुझे घेर लिया तो स्वाभाविक रूप से मेरे हृदय से एक ध्वनि निकली और मैंने कहा था कि न मैं आया हूं, न मुझे किसी ने भेजा है, मां गंगा ने मुझे बुलाया है और आज मैं हर पल अनुभव कर रहा हूं, मां गंगा का आशीर्वाद निरंतर हम सब पर अपनी कृपा बरसा रहा है।' उन्होंने कहा कि आज गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल खिला है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'जय पराजय लोकतंत्र और चुनावी राजनीति का एक स्वाभाविक हिस्सा होता है। लेकिन पांच प्रदेशों की जनता ने पूरे विश्व के दिखाया है कि ये हमारा भारत, मदर ऑफ डेमोक्रेसी क्यों है... लोकतंत्र, डेमोक्रेसी, हमारे लिए सिर्फ एक तंत्र नहीं है। ये हमारी रगो में दौड़ता हुआ संस्कार है। ये हमारी रगों की संस्कार सरिता है और आज सिर्फ भारत का लोकतंत्र ही नहीं जीता है। आज भारत का संविधान भी जीता है। हमारी संवैधानिक संस्थाएं जीती हैं। हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं जीती हैं। पश्चिम बंगाल में करीब 93% मतदान होना, अपने आप में ऐतिहासिक रहा है। असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरलम में भी मतदान के नए रिकॉर्ड बने हैं। इसमें भी महिलाओं की भागीदारी बहुत अधिक रही है। ये भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर बन रही है।'
पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इसे ऐतिहासिक और अभूतपूर्व दिन बताया। उन्होंने कहा कि जब वर्षों की साधना सिद्धि में बदलती है, तो जो खुशी चेहरे पर दिखाई देती है, वही खुशी आज देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे पर साफ नजर आ रही है। पीएम मोदी ने इस जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनता के विश्वास का परिणाम बताया।
इससे पहले यहां पहुंचने पर दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं का हाथ हिलाकर अभिवादन किया, जहां पूरे परिसर में उत्साह और नारों की गूंज सुनाई दी। उनके साथ पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन भी मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान एक खास पल तब देखने को मिला जब नितिन नवीन पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए माला लेकर आगे बढ़े, लेकिन पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए वही माला उन्हें ही पहना दी। इस भावुक और अनोखे अंदाज ने कार्यकर्ताओं में और जोश भर दिया और पूरे माहौल को और भी शानदार बना दिया।