यूपी में आंधी-तूफान से हुई तबाही पर पुतिन ने जताई संवेदना, राष्ट्रपति मुर्मु और पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए आंधी-बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं से हुई जनहानि पर दुख जताया है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिख अपनी संवेदना प्रकट की है। बुधवार को आए आंधी-तूफान और बिजली गिरने से सैकड़ों की संख्या में लोगों की मौत हुई है।

May 14, 2026 - 19:52
 0
यूपी में आंधी-तूफान से हुई तबाही पर पुतिन ने जताई संवेदना, राष्ट्रपति मुर्मु और पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी

मॉस्को। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिख संवेदना जताई है। उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश में चक्रवात के कारण हुई भारी जान-माल की हानि और बड़े पैमाने पर हुई तबाही पर कृपया मेरी गहरी संवेदनाएं स्वीकार करें। एक दिन पहले बुधवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आए तूफान और बारिश के कारण 100 से अधिक लोगों की मौत हुई है। तूफान के कारण व्यापक पैमाने पर नुकसान भी पहुंचा है।

रूसी विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा, "उत्तर प्रदेश में चक्रवात के कारण हुई भारी जान-माल की हानि और बड़े पैमाने पर हुई तबाही पर कृपया मेरी गहरी संवेदनाएं स्वीकार करें। कृपया उन लोगों के परिवारों और प्रियजनों तक मेरी सहानुभूति और समर्थन के शब्द पहुँचाएँ, जिन्होंने इस आपदा में अपनी जान गँवाई है; साथ ही, इस प्राकृतिक आपदा के परिणामस्वरूप घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की मेरी शुभकामनाएं भी उन तक पहुंचाएं।"


आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से बीते लगभग 24 घंटे में यूपी के कई जिलों में जनहानि, पशुहानि समेत कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। बुधवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान ने काफी नुकसान किया है। कई जगह बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए जबकि कई जगह कच्चे घर जमींदोज हो गए। घरों की दीवारें गिरने की भी कई घटनाएं हुई है। प्रदेश के कई जिलों में इस आंधी-तूफान के कारण कई लोगों की मौत हो गई। प्रदेश में कई जगह आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी हुई हैं। खराब मौसम की वजह से काफी संख्या में मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।