पीवी सिंधू ने राजामौली से मांगा काम, कहा- मुझे अपनी एक्‍ट्रेस बना लीजिए

जापान ओपन में इतिहास रचने वाली पीवी सिंधु ने एक्स पर दिग्‍गज डायरेक्‍टर एसएस राजामौली से एक दिलचस्‍प मांग कर दी है। सिंधु को ऐतिहासिक जीत पर बधाई देते हुए राजामौली ने एक पोस्‍ट किया था। बैडमिंटन ख‍िलाड़ी ने इस पर उनसे उन्‍हें अगली फिल्‍म में एक्‍ट्रेस के तौर पर कास्‍ट करने की अपील की है।

Jul 20, 2026 - 20:07
 0
पीवी सिंधू ने राजामौली से मांगा काम, कहा- मुझे अपनी एक्‍ट्रेस बना लीजिए

चेन्नई। बैडमिंटन ख‍िलाड़ी पीवी सिंधु ने जापान ओपन में इतिहास रचा है और भारत का मान बढ़ाया है। वह यह टूर्नामेंट जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। दिलचस्‍प बात ये है कि जहां एक ओर पीवी सिंधु को सोशल मीडिया पर जमकर बधाइयां मिल रही हैं, वहीं उन्‍होंने इस उपलब्‍ध‍ि के कुछ ही घंटों बाद देश के दिग्‍गज डायरेक्‍टर एसएस राजामौली से 'काम मांग' लिया है। दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधु ने डायरेक्‍टर से मांग की है कि वह उन्‍हें अपनी फिल्‍म में कास्‍ट करें, वो भी बैडमिंटन ख‍िलाड़ी के तौर पर।

पीवी सिंधु ने रविवार को टोक्यो मेट्रोपॉलिटन जिम्नेजियम में महिला सिंगल्स फाइनल में जापान की अकाने यामागुची को 21-17, 21-17 से हराया है। इसके बाद सोशल मीडिया पर तमाम लोगों में 'बाहुबली' और आरआरआर' के डायरेक्टर राजामौली ने भी सिंधु को बधाई दी। फिल्ममेकर ने X पर लिखा, 'जापान ओपन जीतने वाली पहली भारतीय! बधाई हो पीवी सिंधु... क्या शानदार वापसी की है। भारत को आप पर गर्व है!'

मजेदार बात ये है कि राजामौली के पोस्‍ट पर पीवी सिंधु का भी जवाब आया, लेकिन यह सिर्फ आम 'धन्यवाद' जैसा नहीं था। उन्होंने महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा जोनास और पृथ्वीराज सुकुमारन की अपकमिंग 'वाराणसी' का जिक्र किया और लिखा, 'बहुत-बहुत धन्यवाद राजामौली गारू। 'वाराणसी' का बेसब्री से इंतजार है सर!' इसके बाद सिंधु ने एक दिलचस्‍प अपील की। उन्होंने हंसते हुए इमोजी के साथ लिखा, 'और अगर आपको कभी अपनी किसी फिल्म में बैडमिंटन खिलाड़ी की जरूरत हो... तो मुझे आपकी नई 'एक्ट्रेस' बनने में बहुत खुशी होगी।'

पीवी सिंधु ने अपने जवाब में प्रोड्यूसर एसएस राजामौली और उनके बेटे एसएस कार्तिकेय को भी टैग किया। वह पिता की फिल्‍म 'वाराणसी' के को-प्रोड्यूसर हैं। अब इंटरनेट पर सिंधु और राजमौली की यह बातचीत तेजी से वायरल हो रही है। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा है, 'एसएस राजामौली जिस भी विषय पर फिल्म बनाते हैं उसे एक एपिक बना देते हैं, इसलिए अगर बैडमिंटन पर फिल्म उनके हाथों में हो, तो शायद शटलकॉक तीन टाइमलाइन से गुजरते हुए किसी दूसरे महाद्वीप में जाकर गिरेगी।' एक अन्‍य ने लिखा, 'लगता है आपकी जिंदगी पर एक बायोपिक जल्‍द बनने वाली है।'

'वाराणसी' मूवी साल 2022 में 'आरआरआर' के बाद राजामौली की पहली डायरेक्टोरियल फिल्म है। इसे इंडियाना जोन्स और जेम्स बॉन्ड का मिश्रण बताया जा रहा है। यह टाइम-ट्रैवल एडवेंचर एपिक फिल्म है, जो 'रुद्रा' नाम के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है। यह रोल महेश बाबू निभा रहे हैं। जबकि प्रियंका चोपड़ा जोनस फिल्‍म में मंदाकिनी और पृथ्वीराज सुकुमारन मेन विलेन कुंभा का किरदार निभा रहे हैं। फिल्‍म की शूटिंग 2024 से चल रही है और अक्टूबर 2026 तक पूरी होने वाली है। यह फिल्‍म अगले साल 07 अप्रैल 2027 को रिलीज होने वाली है।