पीवी सिंधु का शानदार कमबैकः जापान में स्वर्णिम शॉट, इतिहास रचकर बनीं पहली भारतीय चैंपियन
टोक्यो। भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने जापान ओपन 2026 का महिला एकल खिताब जीतकर भारतीय बैडमिंटन के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में सिंधु ने मेजबान जापान की विश्व नंबर-3 खिलाड़ी अकाने यामागुची को लगातार दो गेमों में 21-17, 21-17 से हराकर पहली बार जापान ओपन की ट्रॉफी अपने नाम की।
इस शानदार जीत के साथ पीवी सिंधु जापान ओपन महिला एकल का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। फाइनल मुकाबले में शुरुआत में यामागुची ने चुनौती पेश की, लेकिन सिंधु ने धैर्य और अनुभव का शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल पर पकड़ बनाई। पहले गेम में पिछड़ने के बावजूद उन्होंने लगातार अंक जुटाकर 21-17 से जीत दर्ज की। दूसरे गेम में भी सिंधु ने आक्रामक और संतुलित खेल दिखाया तथा 21-17 के समान अंतर से मुकाबला अपने नाम कर खिताब पर कब्जा जमा लिया।
यह उपलब्धि सिंधु के करियर का पहला बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 खिताब भी है। इसके अलावा यह उनकी 2022 में सिंगापुर ओपन जीतने के बाद पहली बड़ी अंतरराष्ट्रीय सफलता मानी जा रही है। वहीं, दिसंबर 2024 में सैयद मोदी इंटरनेशनल जीतने के बाद यह उनका पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब है।
खिताब जीतने के बाद सिंधु ने तिरंगे के साथ अपनी खुशी साझा करते हुए कहा कि देश के लिए खेलना और तिरंगे को ऊंचा लहराना ही उनके संघर्ष और मेहनत की सबसे बड़ी प्रेरणा है। उनकी यह भावनात्मक प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर भी खूब सराही जा रही है।
जापान ओपन का खिताब जीतने से सिंधु का आत्मविश्वास नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है। अगस्त में नई दिल्ली में आयोजित होने वाली बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप से पहले यह जीत भारतीय बैडमिंटन के लिए भी बेहद उत्साहवर्धक मानी जा रही है।