रिंकू सिंह ने जैसे-तैसे जिताया केकेआर को पहला मुकाबला,    रिंकू का आत्मविश्वास भी बढ़ाएगी पारी,    राजस्थान रायल्स को हराया

केकेआर के लिए रिंकू सिंह ने नाबाद 53 रन की पारी खेलकर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच जिता दिया। इस मैच के बाद रिंकू ने एक बड़ा बयान भी दिया।

Apr 19, 2026 - 20:34
 0
रिंकू सिंह ने जैसे-तैसे जिताया केकेआर को पहला मुकाबला,    रिंकू का आत्मविश्वास भी बढ़ाएगी पारी,    राजस्थान रायल्स को हराया

कोलकाता। रिंकू सिंह ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उन्हें मैजिक मैन क्यों कहा जाता है। आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स की पहली जीत की पटकथा रिंकू ने अपने बल्ले से लिखी। 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर एक समय 70 रन पर 5 विकेट खोकर गहरे संकट में थी लेकिन रिंकू ने 34 गेंदों पर नाबाद 53 रनों की साहसी पारी खेलकर हार के जबड़े से जीत छीन ली।

मैच के अंतिम क्षणों का रोमांच चरम पर था जब केकेआर को आखिरी ओवर में 9 रनों की दरकार थी। रिंकू ने बृजेश शर्मा के खिलाफ मोर्चा संभालते हुए दो चौके और एक शानदार छक्का जड़कर मैच को समय से पहले ही खत्म कर दिया। अपनी इस सूझबूझ भरी पारी के बाद रिंकू ने टीम की रणनीति पर बात करते हुए कहा, 'मेरा माइंडसेट खेल को अंत तक ले जाने का था क्योंकि कोच और मेरे बल्लेबाजी साथी के साथ मेरी यही बातचीत हुई थी। विचार इसे गहराई तक ले जाने का था क्योंकि मैच एक पेचीदा स्थिति में था।'  

अपनी बल्लेबाजी के दौरान आए दबाव के क्षणों पर रिंकू ने बड़ी ईमानदारी से स्वीकार किया कि कभी-कभी मैदान पर दिमाग काम करना बंद कर देता है। उन्होंने अपने बयान में कहा, 'कभी-कभी ऐसा होता है जब कुछ चीजें आपके पक्ष में नहीं होतीं तो आप उस तीव्रता को महसूस करते हैं। उस पल में दिमाग ठीक से काम नहीं करता और आप ऐसे शॉट्स खेल जाते हैं। लेकिन शुक्र है कि किस्मत मेरे साथ थी और हम अंत में मैच जीत गए।'

लंबे समय से एक बड़ी पारी का इंतजार कर रहे रिंकू के लिए यह अर्धशतक उनके आत्मविश्वास के लिए टॉनिक का काम करेगा। उन्होंने अपनी व्यक्तिगत फॉर्म और बैटिंग पोजीशन के लचीलेपन पर स्पष्ट रूप से कहा, 'मैं काफी पारियां खेल चुका था और एक बड़ी पारी का इंतजार कर रहा था। यह मेरे लिए बहुत अच्छी पारी थी और मेरे आत्मविश्वास के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण थी। मेरे लिए कोई निश्चित स्थान नहीं है। मैं नंबर चार पांच या उससे नीचे कहीं भी बल्लेबाजी के लिए तैयार हूं।'