ताइवान में भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर 5.7 रही तीव्रता, तबाही की आशंका से दहशत
ताइवान में गुरुवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इस भूकंप की तीव्रता 5.7 मापी गई है। भूकंप के कारण अभी तक किसी जान माल के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि इतिहास को देखते हुए लोगों में डर जरूर है। ताइवान भूकंप से अत्याधिक प्रभावित जोन में स्थित है।
ताइपे। ताइवान गुरुवार को भूकंप के तेज झटके से कांप उठा। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 5.7 मापी गई है। आइलैंड के मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को ताइवान के पूर्वी काउंटी हुआलिएन के तट के पास 5.7 मैग्नीट्यूड का भूकंप आया, लेकिन नुकसान की तुरंत कोई रिपोर्ट नहीं है। भूकंप के डर के कारण लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। ताइवान इससे पहले भी भूकंप से जान-माल का काफी नुकसान उठा चुका है।
वहीं, चीन की सरकारी सिन्हुआ न्यूज ने बताया है कि चाइना अर्थक्वेक नेटवर्क्स सेंटर के मुताबिक, गुरुवार को चीन के ताइवान (चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है) के हुआलिएन काउंटी में 5.3 मैग्नीट्यूड का भूकंप आया। इसका सेंटर 23.78 डिग्री नॉर्थ लैटीट्यूड और 121.55 डिग्री ईस्ट लॉन्गीट्यूड पर था। सेंटर ने बताया कि भूकंप 19 km की गहराई पर आया।