तृषा कृष्णन ज्वाइन करेंगी टीवीके, लड़ेंगी तिरुचिरापल्ली पूर्व से उपचुनाव
पहली बार चुनावी मैदान में उतरे एक्टर थलपति विजय ने इतिहास रच दिया है। उनकी पार्टी तमिलनाडु वेट्टी कजगम (टीवीके) राज्य की सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी है और उनकी कथित प्रेमिका तृषा कृष्णन को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है।
चेन्नई। एक तरफ तमिलनाडु के चुनावी मैदान में थलपति विजय की धमाकेदार जीत की जहां जबरदस्त चर्चा हो रही है, वहीं दूसरी तरफ कथित प्रेमिका एक्ट्रेस तृषा कृष्णन को लेकर भी खबरें खूब आ रहीं। अब ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, कहा जा रहा है कि तृषा कृष्णन भी उनकी पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कजगम (टीवीके) में शामिल हो सकती हैं।
न्यूज़24 की रिपोर्ट के मुताबिक, टीवीके नेता ये चाहते हैं कि अब इस पार्टी में तृषा भी शामिल हों। वे चाहते हैं कि तृषा तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से अब उपचुनाव लड़ें और विजय की तरह वो भी राजनीति का हिस्सा बन जाएं।
थलपति विजय ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में दो विधानसभा क्षेत्रों चेन्नई के पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व से भारी जीत हासिल की है। नियमों के हिसाब से मानें तो विजय अब दोनों ही सीटें अपने पास नहीं रख सकते। उन्हें इस जीत के 14 दिनों के भीतर इनमें से किसी एक सीट से इस्तीफा देना होगा। उनके इस्तीफा के बाद जिस सीट को वो छोड़ेंगे उस सीट पर उपचुनाव की घोषणा की जाएगी।
इस रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि विजय और उनकी पार्टी के अन्य सदस्य पेरम्बूर वाली सीट पर अपना अधिकार बरकरार रखना चाहते हैं। इसके पीछे वजह से बताई गई है कि वहां उनकी जीत का अंतर लगभग दोगुना था। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि विजय तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट से इस्तीफा दे सकते हैं।
मौजूदा रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब विजय और उनकी पार्टी टीवीके के नेता तृषा कृष्णन को इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि तृषा को कोई राजनीतिक अनुभव नहीं है और इसलिए वो इस फील्ड में उतरना नहीं चाह रही हैं।
कई मीडिया रिपोर्टों में इस बात को लेकर दावा किया गया है कि विजय 7 मई को तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री के पद की शपथ ले सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर अभी तक कोई ऑफिशियल जानकारी नहीं दी गई है।