ट्रंप ने पीएम मोदी की शान में गढ़े कसीदे, कहा- वे शांत, कूल और टोटल किलर हैं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि पीएम मोदी शांत, कूल और टोटल किलर नेता हैं, मैं उनकी तरह नहीं हूं।
पेरिस। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 समिट से इतर आज बुधवार (17 जून, 2026) को द्विपक्षीय बैठक करने वाले हैं। दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के बीच यह आमने-सामने की बैठक 16 महीनों के अंतराल के बाद होने जा रही है, जिससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शान में कसीदे पढें हैं। उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि पीएम मोदी शांत, कूल और टोटल किलर नेता हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस के एवियन में आयोजित जी7 के कार्यकारी लंच के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी शांत, संयमित और बेहद दमदार व्यक्तित्व वाले नेता हैं। जरा देखिए... मैं उनके जैसा नहीं हूं। टोटल किलर" शब्द का इस्तेमाल उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री के शांत स्वभाव के बावजूद उनकी मज़बूती और बातचीत में माहिर होने की क्षमता को बताने के लिए किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच होने वाली यह द्विपक्षीय बैठक 16 महीनों के अंतराल के बाद होने जा रही है, जिसमें दोनों देशों के नेता भारत और अमेरिका के संबंधों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। इसके साथ, मोदी और ट्रंप के बीच रक्षा, व्यापार और पश्चिम एशिया में संघर्ष के मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
उन्होंने दोनों नेताओं के बीच सालों से चले आ रहे निजी संबंधों का जिक्र किया। यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है, जब भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव है। अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हुई है। अमेरिका ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया और बाद में ट्रेड डील पर बातचीत शुरू होने के बाद कम किया। इसके अलावा एच1बी वीजा, पाकिस्तान के साथ संबंधों को लेकर भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव है।
ट्रंप अक्सर पीएम मोदी की तारीफ करते रहे हैं। वह पीएम मोदी के साथ अपने मजबूत संबंधों का भी जिक्र करते हैं। उन्होंने कई मौकों पर ह्यूस्टन में "हाउडी मोदी" जैसे बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों का जिक्र किया है और बार-बार प्रधानमंत्री मोदी को एक मजबूत नेता के तौर पर पेश किया है जो मुश्किल फैसले लेने में सक्षम हैं। 25 मई को भी ट्रंप ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए खुद को उनका फैन बताया था। ट्रंप ने कहा था कि भारत मुझ पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकता है। उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने की भी बात कही थी।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की पिछले महीने भारत यात्रा के बाद, दोनों पक्ष द्विपक्षीय संबंधों को फिर से बेहतर बनाने की उम्मीद कर रहे हैं। हालांकि, ओमान के तट के पास पिछले हफ्ते एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमलों में तीन भारतीय नाविकों की मौत के बाद दोनों देशों के रिश्तों में फिर से तनाव आ गया। रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाक़ात के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से उन्हें ‘निकट भविष्य’ में व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया था। उन्होंने भारत को हिंद-प्रशांत को लेकर तैयार अमेरिकी नीति का ‘आधार’ बताया था। प्रधानमंत्री मोदी जी7 सम्मेलन के दौरान दुनिया के कई अन्य नेताओं के साथ भी द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।