साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच 19 टी20 मैच हो चुके, किसका पलड़ा है भारी?
साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीम टी20 विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में भिड़ेंगी। अभी तक दोनों टीमों के बीच इस फॉर्मेट में 19 मुकाबले हुए हैं।
नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल ऐतिहासिक ईडेन गार्डन्स पर साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच होगा। साउथ अफ्रीका ने अभी तक टूर्नामेंट में अपने सभी मैच जीते हैं। दूसरी तरफ न्यूजीलैंड की टीम बेहतर नेट रन रेट की वजह से सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रही। इन दोनों टीमों के बीच ग्रुप राउंड में मुकाबला हुआ था। उसमें साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 17 गेंद रहते 7 विकेट से हरा दिया था।
साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच 2005 में पहली बार टी20 मुकाबला हुआ था। उस मैच को न्यूजीलैंड ने जीता था। अभी तक दोनों टीमों के बीच टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 19 मुकाबले हो चुके हैं। इसमें साउथ अफ्रीका ने 12 में जीत हासिल की जबकि न्यूजीलैंड को सिर्फ 7 में जीत मिली है। हालांकि, आखिरी 5 मैचों की बात करें तो न्यूजीलैंड का पलड़ा 3-2 से भारी है। इसी वजह से कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है।
टी20 विश्व कप इतिहास में तो साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच मामला एकतरफा रहा है। अभी तक हुए सभी 5 मैचों को साउथ अफ्रीका ने अपने नाम किया है। टीम को 2007 में टीम को 6 विकेट, 2009 में एक रन, 2010 में 12 रन, 2014 में दो रन और 2026 में 7 विकेट से जीत मिली है। हालांकि इसमें से कोई भी मुकाबला नॉकआउट का नहीं था। दोनों टीमें पहली बार टी20 विश्व कप के नॉकआउट में एक-दूसरे का सामना करेंगी।
न्यूजीलैंड ने अभी तक सभी टी20 विश्व कप में हिस्सा लिया है। टीम तीन बार सेमीफाइनल से बाहर हुई है और एक बार फाइनल में हारी है। साउथ अफ्रीका की टीम भी अभी तक इस टूर्नामेंट को जीतने में सफल नहीं हो पाई है। टीम चौथी बार सेमीफाइनल में है। 2009 और 2014 में उसे सेमीफाइनल में हार मिली तो 2024 में भारत के खिलाफ खिताबी मुकाबला नहीं जीत पाई।