लंबाई का खमियाजा भुगतना पड़ता है अभिनेत्रियों को, पूजा बत्रा बोलीं, शूटिंग के दौरान टांगें फैलानी पड़ती थी

अभिनेत्री पूजा बत्रा ने एक इंटरव्यू में बताया है कि उन्हें लंबी हाइट के कारण बहुत झेलना पड़ा। उनके हाथ से कई बड़ी फिल्में निकल गईं और एक्टर्स तक साथ काम करने में घबराते थे। पूजा ने बताया कि सीन के बीच में उन्हें अपनी टांगें फैलानी पड़ती थीं।

May 12, 2026 - 21:45
 0
लंबाई का खमियाजा भुगतना पड़ता है अभिनेत्रियों को, पूजा बत्रा बोलीं, शूटिंग के दौरान टांगें फैलानी पड़ती थी

मुंबई। लंबी हाइट को लेकर बालीवुड में अभिनेत्रियों को काफी खामियाजा भुगतना पड़ता है। कभी मनचाहे हीरो के साथ जोड़ी नहीं बनती, तो कभी हाथ से अच्छी-खासी फिल्में भी निकल जाती हैं। एक्ट्रेस पूजा बत्रा के साथ यही हुआ। लंबी हाइट के कारण पूजा बत्रा के हाथ से न सिर्फ कई बड़ी फिल्में निकल गईं, बल्कि बहुत से हीरो उनके साथ काम करने में हिचकते थे। हालांकि, सलमान ने उनका साथ दिया। पूजा बत्रा ने एक इंटरव्यू में इस बारे में बात की। साथ ही बताया कि फिल्मी पर्दे पर वह हीरो से लंबी न लगें, इसके लिए वह क्या-क्या कोशिशें करती थीं।

पूजा बत्रा ने 'हार्पर बाजार' को दिए इंटरव्यू में यह भी बताया कि एक्ट्रेस संगीता बिजलानी ने कैसे उनसे कह दिया था कि तुम्हारा फिल्मों में कोई चांस नहीं है क्योंकि तुम लंबी हो। पूजा के मुताबिक, कई बार तो हीरो की हाइट से मैच करने के लिए उन्हें अपनी टांगें फैलाकर एक्टिंग करनी पड़ती थी।

पूजा बत्रा बोलीं, 'बहुत मुश्किल था। मुझे याद है कि संगीता बिजलानी ने मुझसे कहा था कि तुम्हारी लंबी हाइट की वजह से फिल्मों में तुम्हारा कोई चांस नहीं है। वो मेरी आदर्श हैं। वो खूबसूरत हैं और मॉडल भी हैं। मुझे जो भी रोल मिला, मैंने उसमें अपना बेस्ट दिया। भले ही हीरो मेरी हाइट से घबरा जाते थे। यह सच है कि मेरी लंबाई की वजह से मुझे बहुत सी फिल्में नहीं मिलीं। मैंने कई अच्छे रोल खो दिए।'

पूजा बत्रा ने बताया कि उन्हें खुद से कम हाइट के एक्टर्स संग काम करते वक्त टांगे फैलानी पड़ती थीं ताकि उनसे लंबी न लगें। वह बोलीं, 'मैं कैमरे के सामने स्प्लिट्स करती थी ताकि हीरो लंबे दिखें। मुझे सीन के बीच में अपनी टांगें फैलानी पड़ती थीं। सलमान को कभी कोई दिक्कत नहीं हुई। वो तो बस यही कहते थे कि हील्स पहनो, मुझे कोई परेशानी नहीं है। उन्हें खुद पर पूरा भरोसा था।'

पूजा बत्रा ने अपने करियर में सलमान खान, अनिल कपूर, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, अक्षय कुमार और गोविंदा जैसे स्टार्स के साथ फिल्में कीं। वह सलमान संग दो तो संजय दत्त संग चार फिल्मों में नजर आईं। वहीं, गोविंदा के साथ सिर्फ 'हसीना मान जाएगी' में काम किया था। पूजा बत्रा की हाइट 5′ 9½″ (1.77 मीटर) बताई जाती है।