मलेशिया में तिरंगा लहराकर लौटे आगरा के लाल का भव्य स्वागत, 57 किलो वर्ग में मलेशियाई बॉक्सर इंटरनेशनल मुकाबला जीता था कुलदीप ने
आगरा। मलेशिया की धरती पर आगरा के युवा बॉक्सर कुलदीप तरकर ने ऐसा दमदार पंच मारा कि पूरा मुकाबला भारत के नाम हो गया। शमसाबाद रोड स्थित नौफरी गांव निवासी 21 वर्षीय प्रो बॉक्सर कुलदीप तरकर ने 9 मई 2026 को मलेशिया में आयोजित ट्विन इंटरनेशनल प्रो बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान मलेशियाई मुक्केबाज को नॉकआउट कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। विदेशी धरती पर तिरंगा फहराकर आज आगरा लौटने पर कुलदीप का जोशीला का स्वागत किया गया।
57 किलोग्राम वर्ग में मिली इस बड़ी जीत ने न केवल आगरा बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। विदेशी धरती पर तिरंगा लहराने वाले कुलदीप के स्वागत में सोमवार को आगरा कैंट स्टेशन पर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
नॉकआउट जीत से मलेशिया में गूंजा भारत का नाम
कुलदीप तरकर ने मुकाबले में आक्रामक अंदाज अपनाते हुए मलेशियाई खिलाड़ी को करारी चुनौती दी। रिंग में उनके तेज पंच और शानदार तकनीक के आगे प्रतिद्वंद्वी टिक नहीं पाया और कुलदीप ने नॉकआउट जीत दर्ज कर भारत का डंका बजा दिया।
कुलदीप ने बताया कि यह उनका दूसरा मलेशिया दौरा था और इस जीत ने उनके आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रो बॉक्सिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ना उनका सपना है, जिसके लिए वह लगातार कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
दिल्ली में ली प्रो बॉक्सिंग की ट्रेनिंग
कुलदीप ने बताया कि उन्होंने लगभग दो वर्ष पहले प्रो बॉक्सिंग में करियर बनाने का निर्णय लिया था। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के साकेत स्थित बॉक्सिंग अकादमी में कोच गौरव सिंह के मार्गदर्शन में विशेष प्रशिक्षण शुरू किया था। लगातार मेहनत, अनुशासन और फिटनेस के दम पर कुलदीप ने अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी है।
वंदे भारत से लौटे तो हुआ भव्य स्वागत
18 मई को सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस से आगरा कैंट स्टेशन पहुंचे कुलदीप तरकर का समर्थकों, मित्रों और खेल प्रेमियों ने जोरदार स्वागत किया। फूलमालाओं, ढोल और जयघोष के बीच कुलदीप का अभिनंदन किया गया। इसके बाद प्रतापपुरा स्थित होटल में प्रेस वार्ता आयोजित हुई, जहां कुलदीप ने अपनी जीत और भविष्य की योजनाओं को साझा किया।
कुलदीप युवाओं के लिए मिसाल
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेता मुनेन्द्र जादौन ने कहा कि कुलदीप तरकर ने विदेशी धरती पर भारत और आगरा का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि छोटे गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर जीत हासिल करना आसान नहीं होता। कुलदीप की मेहनत, संघर्ष और समर्पण आज के युवाओं के लिए प्रेरणा है।
मुनेन्द्र जादौन ने कहा कि सरकार और समाज को ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग देना चाहिए ताकि आगरा से और भी युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि कुलदीप की यह उपलब्धि आने वाले खिलाड़ियों को प्रो बॉक्सिंग में करियर बनाने के लिए नई ऊर्जा देगी।
इन लोगों ने दी शुभकामनाएं
कुलदीप तरकर की ऐतिहासिक जीत पर उनके पिता रामवीर तरकर सहित चन्द्र पाल सिंह जादौन, सोमेन्द्र जादौन, ललित रघुवंशी, युवराज परिहार, राकेश चौहान, राजीव चौहान, आनन्द कुमार, पीयूष शर्मा, नीरज शर्मा, होशियार सिंह जादौन, दिनेश प्रताप सिंह “पीली कोठी वाले” तथा बॉक्सिंग कोच गौरव सिंह समेत अनेक गणमान्य लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
Top of Form