ईरानी राष्ट्रपति की माफी के बाद भी खाड़ी देशों पर हमले जारी,  यूएई, सऊदी और कतर भड़के- हम आसान शिकार नहीं

ईरान ने शनिवार और रविवार का दरमियानी रात खाड़ी देशों पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं। दुबई में ड्रोन हमले के चलते एक व्यक्ति की मौत हो गई है। इन हमलों के बाद खाड़ी देशों ने तेहरान को चेतावनी दी है।

Mar 8, 2026 - 07:01
 0
ईरानी राष्ट्रपति की माफी के बाद भी खाड़ी देशों पर हमले जारी,  यूएई, सऊदी और कतर भड़के- हम आसान शिकार नहीं

दुबई/रियाद/तेहरान। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के वादों के बावजूद खाड़ी देशों पर तेहरान के हमले नहीं रुके हैं। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात ईरान ने सऊदी अरब, यूएई और कतर में कई जगहों को निशाना बनाया गया है। मिडिल ईस्ट का फाइनेंशियल हब कहे जाने वाले दुबई में ड्रोन हमला हुआ है। दुबई मीडिया ऑफिस ने बताया कि दुबई मरीना में एक टावर के सामने के हिस्से से ड्रोन टकराया है। उसका मलबा नीचे एक गाड़ी पर गिर गया, जिसमें ड्राइवर की मौत हो गई।

यह हमले ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान की माफी के घंटों बाद हुए हैं, जिसमें उन्होंने पड़ोसी देशों पर आगे हमले न करने की बात कही थी। पेजेश्कियान ने कहा था कि वह उन पड़ोसी देशों से माफी मांगते हैं, जो ईरान की कार्रवाइयों से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आगे इन देशों पर हमले नहीं करने का फैसला लिया गया है, जब तक उनके इलाके से ईरान पर हमले नहीं होते हैं।

इसके कुछ देर बाद ईरानी आर्म्ड फोर्सेज के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अबोलफजल शेखरची ने कहा कि हम पड़ोसी देशों को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। ईरान यह पक्का करने की कोशिश कर रहा है कि पड़ोसी देशों को हमारी वजह से कोई नुकसान न हो। हालांकि,  यह वादा पूरा नहीं हुआ और खाड़ी के देशों पर ईरानी प्रोजेक्टाइल की बारिश होने लगी। ईरानी ड्रोन ने सऊदी अरब से लेकर यूएई के दुबई तक हमला बोला। दुबई में में एक व्यक्ति को जान गंवानी पड़ी, जो जंग शुरू होने के बाद चौथी मौत है।

सऊदी की चेतावनी- सऊदी अरब ने ईरान को सीधी चेतावनी देते हुए देश पर तत्काल हमले रोकने को कहा है। रियाद ने ईरान की लीडरशिप को संदेश दिया है कि सऊदी अरब के इलाके या एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार हमले से बदले की कार्रवाई हो सकती है।

यूएई आसान शिकार नहीं- संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जाएद अल नाह्यान ने कहा कि युद्ध के समय में उनका देश ठीक है। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यूएई कोई आसान शिकार नहीं है। शनिवार को अबू धाबी टीवी पर प्रसारित टिप्पणी में उन्होंने कहा कि 'यूएई आकर्षक है, लेकिन दिखावे से गुमराह न हों। यूएई की चमड़ी मोटी और मांस कड़वा है। हम कोई आसान शिकार नहीं हैं।'

कतर के अमीर की ट्रंप से बात- इस बीच कतर के अमीर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात की और ईरान के हमलों पर चर्चा की। कतर के अमीर ने कहा कि दोहा अपने हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने से हिचकेगा नहीं। कतर के ऊपर भी ईरान ने हमले किए हैं, जिसे एयर डिफेंस ने रोक दिया।