मां भगवती के जयकारों से गूंजा आवास विकास सेक्टर-6, महाआरती में उमड़ी श्रद्धा
आगरा। आवास विकास सेक्टर-6 में नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत रविवार को मां भगवती की भव्य महाआरती में श्रद्धालु भक्ति और उत्साह के साथ शामिल हुए। मां के जयकारों से क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। महोत्सव के दौरान आयोजकों ने भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने का संदेश दिया। आयोजन के तहत 19 अक्टूबर को छप्पन भोग एवं डांडिया और 20 अक्टूबर को कन्या पूजन तथा विशाल भंडारा होगा।
महोत्सव के संरक्षक डॉ. मदन मोहन शर्मा ने कहा कि नवरात्रि केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता का प्रतीक है। आयोजक लंकेश दीपक सारस्वत ने कहा कि नवरात्रि महोत्सव क्षेत्रवासियों की श्रद्धा, सहयोग और सामूहिक सहभागिता का उत्सव है। सभी के सहयोग से आयोजन को भव्य और यादगार बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मां भगवती से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की कामना की।
डॉ. राम नरेश शर्मा, राष्ट्रीय सह मंत्री, विश्व ब्राह्मण कल्याण परिषद ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन गौरवशाली परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ समाज में संस्कार, समरसता और सांस्कृतिक चेतना का संचार करते हैं।
महाआरती में निक्की भगत, अरुण श्रीवास्तव, गब्बर राजपूत, टोनी वर्मा, पंकज तायल, आकाश सारस्वत, नकुल सारस्वत, दीपु चौहान और ज्वाला प्रसाद सहित अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत 19 अक्टूबर को छप्पन भोग एवं डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 20 अक्टूबर को कन्या पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन होगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से सपरिवार शामिल होकर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।