प्रेमी संग यमुना में कूदी युवती की पहचान हुई, ससुराल में उत्पीड़न से टूट चुकी थी, शव अभी तक नहीं मिला
आगरा के बटेश्वर में यमुना में छलांग लगाने वाली युवती की पहचान विवाहिता भावना मिश्रा के रूप में हुई है, जो ससुराल में उत्पीड़न से तंग आकर प्रेमी गुलशन यादव के साथ नदी में कूद गई थी। गुलशन का शव मिल चुका है, लेकिन भावना का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा। गोताखोरों की टीम लगातार खोज में लगी है।
आगरा। थाना बाह क्षेत्र के बटेश्वर में गुरुवार को पीपों के पुल से यमुना में कूदने वाली युवती की पहचान 23 वर्षीय भावना मिश्रा के रूप में हुई है। मैनपुरी के कुचेरा गांव में भावना की ससुराल है। उसकी शादी लगभग आठ साल पहले नितेश से हुई थी, लेकिन संतान न होने के बाद से ससुराल में उसका उत्पीड़न बढ़ गया था। इसी तनाव के चलते वह ससुराल से निकलकर मक्खनपुर की एक फैक्ट्री में नौकरी करने लगी थी।
फैक्ट्री में काम करने के दौरान ही उसकी मुलाकात दौलतपुर मोहिद्दीनपुर निवासी गुलशन यादव उर्फ गोलू से हुई। दोनों में निकटता बढ़ी और पिछले कुछ महीनों से दोनों अक्सर साथ देखा जाने लगा था।
पांच दिन पहले भावना दवा लेने के बहाने शिकोहाबाद के एक गांव आई थी। गुरुवार को वह गुलशन यादव के साथ बटेश्वर पहुंची, जहां दोनों ने पीपों के पुल से यमुना नदी में छलांग लगा दी। उसी दिन गोताखोरों को गुलशन का शव मिल गया, लेकिन भावना का कोई पता नहीं चला।
शुक्रवार को भी गोताखोरों की टीम पूरे दिन नदी में खोज करती रही, लेकिन युवती का सुराग नहीं मिल पाया। परिवार के लोग और पुलिस दोनों मौके पर मौजूद रहे।
भावना को अंतिम बार देखने वाले विकास चंद्र, ने बताया कि गुरुवार को उन्होंने भावना को घर तक छोड़ा था। शुक्रवार को भावना के माता-पिता भी बटेश्वर पहुंचे और बेटी की तलाश में गोताखोरों के साथ पूरे दिन बने रहे।
भावना के परिजन और पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि ससुराल में होने वाला निरंतर उत्पीड़न, तनाव और टूटे रिश्तों ने उसे इस चरम कदम की ओर धकेल दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवती की तलाश जारी है।