यूपी में देर रात चली तबादला एक्सप्रेस, 34 आईएएस इधर से उधर
उत्तर प्रदेश सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 34 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए। कई जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं। आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली को एटा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि विजय कुमार को एडीए का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा मुरादाबाद, हरदोई, कुशीनगर, कानपुर नगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, अमेठी, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर समेत कई जिलों में प्रशासनिक नेतृत्व बदला गया है।
14 जिलों के बदले जिलाधिकारी, आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली बनीं एटा की डीएम
लखनऊ/आगरा। उत्तर प्रदेश में देर रात एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। शासन ने 34 आईएएस अधिकारियों के तबादले करते हुए 14 जिलों के जिलाधिकारी बदल दिए हैं। तबादला सूची में जिलाधिकारियों के साथ-साथ विकास प्राधिकरण, औद्योगिक विकास, नगर निगम और शासन के महत्वपूर्ण विभागों में तैनात अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
आगरा के लिहाज से यह फेरबदल खासा महत्वपूर्ण है। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली का तबादला जिलाधिकारी एटा के पद पर किया गया है। वह एडीए की उपाध्यक्ष के साथ संभागीय खाद्य नियंत्रक, आगरा की जिम्मेदारी भी संभाल रही थीं। उनकी जगह विजय कुमार को आगरा विकास प्राधिकरण का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है। विजय कुमार के पास संभागीय खाद्य नियंत्रक, आगरा का अतिरिक्त दायित्व भी रहेगा। एडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर भी एम. अरुन्मोली को वर्तमान में उपाध्यक्ष के रूप में प्रदर्शित किया गया है।
इन जिलों में बदले जिलाधिकारी
तबादला सूची के अनुसार अनुनय झा को हरदोई से मुरादाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि राहुल पाण्डेय विशेष सचिव, राज्य कर के पद से हरदोई के नए जिलाधिकारी होंगे। संजय चौहान को अमेठी से कुशीनगर, जबकि कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर का जिलाधिकारी बनाया गया है। अनुज मलिक को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी से हटाकर संतकबीरनगर का जिलाधिकारी बनाया गया है।
इसी क्रम में आलोक कुमार को संतकबीरनगर से पीलीभीत, ज्ञानेन्द्र सिंह को पीलीभीत से बलिया और शशांक चौधरी को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, इन्वेस्ट यूपी/यूपीडा से अमेठी का जिलाधिकारी बनाया गया है। दिव्यांशु पटेल को नगर आयुक्त, मुरादाबाद से बागपत का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं प्रभास कुमार को विशेष सचिव, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति तथा संयुक्त प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) से महोबा का डीएम बनाया गया है। उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर, सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस और अशोक कुमार को हमीरपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है।
कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां
फेरबदल में शासन स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। हिमांशु कौशिक को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन से नगर आयुक्त, मुरादाबाद बनाया गया है। विजय कुमार सिंह को मुख्य राजस्व अधिकारी, देवरिया से मुख्य विकास अधिकारी, मिर्जापुर और संतोष बहादुर सिंह को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), सहारनपुर से मुख्य विकास अधिकारी, मैनपुरी बनाया गया है। विशाल कुमार, जो मुख्य विकास अधिकारी, मिर्जापुर के पद पर तैनात थे, अब गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी होंगे।
शैलेन्द्र भाटिया को यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी से यूपीडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। वहीं गजल भारद्वाज, जो महोबा की जिलाधिकारी थीं, अब अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, इन्वेस्ट यूपी की जिम्मेदारी संभालेंगी। नितिन मदान को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), रामपुर से अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण बनाया गया है।
जिलाधिकारियों को भी मिली नई तैनाती
जसजीत कौर, जो बिजनौर की जिलाधिकारी थीं, अब प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन होंगी। जितेंद्र प्रताप सिंह को कानपुर नगर के जिलाधिकारी पद से हटाकर निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद बनाया गया है। नेहा बंधु को मुख्य विकास अधिकारी, मैनपुरी से अपर आयुक्त, विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन भेजा गया है। अमनदीप डुली को अपर आयुक्त, मनरेगा से नियंत्रक, विधिक बाट-माप बनाया गया है। अस्मिता लाल, जो बागपत की जिलाधिकारी थीं, अब विशेष सचिव/निदेशक/प्रबंध निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण की जिम्मेदारी संभालेंगी। अभिषेक गोयल, जो हमीरपुर के डीएम थे, को विशेष सचिव, नियुक्ति एवं कार्मिक बनाया गया है। मंगला प्रसाद सिंह, जो बलिया के जिलाधिकारी थे, अब प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड होंगे।
शासन स्तर पर भी बदलाव
निधि श्रीवास्तव को विशेष सचिव, उच्च शिक्षा से विशेष सचिव, राज्य कर बनाया गया है। अरविंद सिंह, जो एटा के जिलाधिकारी थे, अब विशेष सचिव, खाद्य एवं रसद की जिम्मेदारी संभालेंगे। राजेंद्र पेंसिया को मुरादाबाद के जिलाधिकारी पद से हटाकर विशेष सचिव, कारागार प्रशासन एवं सुधार बनाया गया है। अतुल वत्स, जो हाथरस के डीएम थे, अब विशेष सचिव, राजस्व होंगे। वहीं चन्द्र शेखर को विशेष सचिव, सिंचाई एवं जल संसाधन के पद के साथ विशेष सचिव, परती भूमि विकास का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इस फेरबदल से एक साथ कई जिलों में प्रशासनिक नेतृत्व बदल गया है। खास तौर पर आगरा विकास प्राधिकरण में नेतृत्व परिवर्तन महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां एम. अरुन्मोली के बाद अब विजय कुमार नई जिम्मेदारी संभालेंगे। एडीए वर्तमान में ग्रेटर आगरा समेत कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर काम कर रहा है।