डीईआई में मिशन शक्ति फेज-6: महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए निकाली गई जागरूकता रैली, 178 स्वयंसेवकों ने लिया हिस्सा

आगरा। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीईआई) की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान, समानता और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित एक दिवसीय अभियान में 178 स्वयंसेवकों और 38 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जागरूकता रैली, पदयात्रा, साइबर सुरक्षा पर परिचर्चा और स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं को महिला अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

Oct 17, 2026 - 21:15
 0
डीईआई में मिशन शक्ति फेज-6: महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए निकाली गई जागरूकता रैली, 178 स्वयंसेवकों ने लिया हिस्सा
डीईआई की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित महिला जागरूकता कार्यक्रम की एक झलक।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान परिसर से निकाली गई जागरूकता रैली और पदयात्रा से हुआ। इसमें स्वयंसेवकों ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘नारी का सम्मान-देश का उत्थान’ और महिला सशक्तीकरण से जुड़े नारों वाली तख्तियां प्रदर्शित कीं। विद्यार्थियों ने लोगों को महिलाओं के लिए सुरक्षित, समानतापूर्ण और भयमुक्त वातावरण बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।

साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय

रैली के बाद आयोजित परिचर्चा में छात्र-छात्राओं को डिजिटल खतरों, ऑनलाइन उत्पीड़न और साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए। उन्हें सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड और ओटीपी गोपनीय रखने की सलाह दी गई।

विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि का सामना होने पर महिला हेल्पलाइन, पुलिस सहायता अथवा राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से तत्काल शिकायत दर्ज करानी चाहिए। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा से जुड़े अधिकारों, सरकारी सहायता सेवाओं और शिकायत दर्ज कराने के माध्यमों के प्रति जागरूक करना भी रहा।

स्लोगन प्रतियोगिता में खुशबू शर्मा प्रथम

महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में बी.वॉक. टीएचएम प्रथम वर्ष की खुशबू शर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया। इसी पाठ्यक्रम की प्रथम वर्ष की छात्राएं प्रियंका भदौरिया और पायल राजपूत संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं। बी.वॉक. टेक्सटाइल प्रथम वर्ष की परी परिहार और बी.वॉक. टीएचएम प्रथम वर्ष की सिया जादौन ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।

नारी सम्मान के लिए सक्रिय भागीदारी का संकल्प

कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं ने महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। उन्होंने अपने परिवार, संस्थान और समाज में नारी सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

पूरे कार्यक्रम का संयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शोभा भारद्वाज, डॉ. राकेश कुमार तथा सहायक श्री शिवशंकर यादव के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों का सक्रिय योगदान रहा।

SP_Singh AURGURU Editor