कुलगाम में राष्ट्रीय रस्साकसी चैंपियनशिप में रजत जीतकर लौटे यूपी के खिलाड़ी, सांसद राजकुमार चाहर ने किया सम्मानित
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आयोजित राष्ट्रीय रस्साकसी चैंपियनशिप-2026 में उत्तर प्रदेश की अंडर-19 पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। आगरा लौटने पर फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने खिलाड़ियों का सम्मान किया। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। रस्साकसी संघ ने इस उपलब्धि का श्रेय सांसद के सहयोग और खिलाड़ियों की मेहनत को दिया।
आगरा। आगरा के खिलाड़ियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम (अनंतनाग) में आयोजित 28वीं सब जूनियर, 39वीं जूनियर एवं 39वीं सीनियर पुरुष एवं महिला राष्ट्रीय रस्साकसी चैंपियनशिप-2026 में उत्तर प्रदेश की अंडर-19 पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। फाइनल मुकाबले में टीम का सामना दिल्ली से हुआ, जहां खिलाड़ियों ने कड़ी टक्कर दी और उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से लौटने के बाद पूरी टीम सबसे पहले फतेहपुर सीकरी के सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर के आगरा स्थित आवास पहुंची। यहां सांसद ने सभी खिलाड़ियों, उत्तर प्रदेश रस्साकसी संघ के महासचिव एन.के. चक्रवर्ती और संयुक्त सचिव संजय कुमार का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह के दौरान सांसद राजकुमार चाहर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, समर्पण और राष्ट्र गौरव का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि खिलाड़ियों को सही अवसर और संसाधन मिलें तो वे देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पदक जीत सकते हैं।
सांसद ने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हर स्तर पर सहयोग किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश रस्साकसी संघ के महासचिव एन.के. चक्रवर्ती ने सांसद राजकुमार चाहर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आर्थिक सहयोग और लगातार प्रोत्साहन की बदौलत ही खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि कुलगाम में खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और टीम भावना के दम पर रजत पदक जीतकर उत्तर प्रदेश का नाम पूरे देश में रोशन किया है।
चक्रवर्ती ने यह भी बताया कि सांसद राजकुमार चाहर द्वारा आयोजित सांसद खेल स्पर्धा से ही इस टीम के कई खिलाड़ी उभरकर सामने आए थे। यही टीम पहले स्वर्ण पदक भी जीत चुकी है और अब राष्ट्रीय चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर क्षेत्र, प्रदेश और देश का सम्मान बढ़ाया है।
खिलाड़ियों ने भी सांसद राजकुमार चाहर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सहयोग ने उन्हें लगातार बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में वे राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत का प्रतिनिधित्व करने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश रस्साकसी संघ के संयुक्त सचिव संजय कुमार, परमवीर चाहर, वीरू फौजदार, सचिन गोयल, रौनक कुमार, देव कुमार सहित रस्साकसी टीम के अन्य खिलाड़ी एवं पदाधिकारी भी मौजूद रहे।