यामी गौतम ने फिल्म 'हक' के लिए पढ़ी थी कुरान, डायरेक्टर बोले-  इस्लामी कानून समझने में लगा डेढ़ साल

यामी गौतम ने अपनी फिल्म 'हक' के लिए कुरान पढ़ी थी। इस बात का खुलासा हाल ही में फिल्म के डायरेक्टर सुपर्ण वर्मा ने किया है।

Apr 24, 2026 - 20:47
 0
यामी गौतम ने फिल्म 'हक' के लिए पढ़ी थी कुरान, डायरेक्टर बोले-  इस्लामी कानून समझने में लगा डेढ़ साल

मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम पिछली बार फिल्म 'हक' में नजर आई थीं, जिसमें उनके काम को खूब सराहा गया। सुपर्ण वर्मा के निर्देशन में बनी ये फिल्म 7 नवंबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में यामी ने शाजिया बानो का रोल निभाया था। वहीं, इमरान हाशमी फिल्म में मोहम्मद अब्बास खान की भूमिका में दिखे। अब 'हक' के डायरेक्टर ने खुलासा किया कि इस फिल्म के लिए यामी ने कुरान पढ़ी थी।

बीबीसी एशियन नेटवर्क के साथ हाल ही में हुई बातचीत में डायरेक्टर सुपर्ण वर्मा ने रिसर्च और यामी गौतम की तैयारियों के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि यामी गौतम ने शाजिया बानो के किरदार को निभाने के लिए गहराई से तैयारी की थी। उन्होंने इसके लिए पवित्र कुरान भी पढ़ी थी। सुपर्ण वर्मा ने कहा, 'हमने लगभग डेढ़ साल इस्लामी कानून को समझने में बिताया. यामी गौतम ने कुरान भी पढ़ी।'

सुपर्ण वर्मा ने कहा, 'आज हर किसी के पास जानकारी है, लेकिन ये नहीं पता कि वो सही है या नहीं। ऐसे माहौल में, मैं चाहता था कि 'हक' एक समझदारी की आवाज बने। हमारी पूरी टीम ने इस फिल्म के लिए बहुत रिसर्च की, जिसके बाद ये फिल्म बनकर तैयार हुई। यामी फिल्म में शाजिया बानो का किरदार निभा रही हैं, जो 1970 के दशक के भारत में व्यक्तिगत और कानूनी संघर्षों से जूझ रही एक महिला है।'

जंगली पिक्चर्स के साथ इनसोमनिया फिल्म्स और बवेजा स्टूडियोज के प्रोडक्शन बैनर तले बनी फिल्म 'हक' में लैंगिक समानता और न्याय जैसे मुद्दों को उठाया गया है। फिल्म को क्रिटिक्स से पॉजिटिव रिव्यू मिले थे, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ये कुछ खास असर नहीं छोड़ पाई। बॉलीवुड हंगामा के अनुसार, लगभग 40 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने केवल 19.62 करोड़ रुपये की कमाई की. इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।