बरेली के आंवला में पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, अंधाधुंध फायरिंग में बेकसूर बुजुर्ग की मौत

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के आंवला कस्बे में शनिवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले और जमकर पथराव व फायरिंग हुई। इस दौरान रास्ते से गुजर रहे 65 वर्षीय सज्जाद अंसारी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने मौके पर भारी बल तैनात कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है।

Oct 17, 2026 - 20:43
 0
बरेली के आंवला में पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, अंधाधुंध फायरिंग में बेकसूर बुजुर्ग की मौत
बरेली के आंवला में गोली लगने से बेकसूर की मौत के बाद मौके पर जुटी भीड़ और जांच करने पहुंची पुलिस।

घटना शनिवार शाम करीब पांच बजे आंवला के त्रिपोलिया और लठैता मोहल्ले के लोगों के बीच हुई। जानकारी के अनुसार, त्रिपोलिया निवासी सुमित, पुत्र झाऊलाल गुप्ता, और लठैता निवासी नवीन, पुत्र देवपाल ठाकुर, के परिजनों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों व हथियारों के साथ आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों ओर से पथराव और फायरिंग होने लगी।

गोलीबारी के बीच फंसे बुजुर्ग राहगीर की मौत

इसी दौरान गोसिया चौक निवासी 65 वर्षीय सज्जाद अंसारी, पुत्र मकबूल, अपने काम से जा रहे थे। वह दोनों पक्षों के बीच हो रही गोलीबारी की चपेट में आ गए और एक गोली लगने से सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में किसी विवाद से जुड़े नहीं होने के बावजूद एक बुजुर्ग की जान जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

भारी पुलिस बल तैनात, आरोपियों की तलाश में दबिश

घटना की सूचना मिलते ही आंवला थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि घटना में शामिल उपद्रवियों और मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

SP_Singh AURGURU Editor