यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से मिले विदेश मंत्री जयशंकर,  रूस से युद्ध खत्म करने में मदद की पेशकश

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष और तनाव को खत्म करने के लिए भारत की तरफ से मदद की पेशकश की है. उन्होंने कहा कि अगर युद्ध खत्म करने में भारत मदद कर सकता है, तो हम तैयार है

Sep 3, 2026 - 22:08
 0
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से मिले विदेश मंत्री जयशंकर,  रूस से युद्ध खत्म करने में मदद की पेशकश


कीव। भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष और तनाव के दौरान गुरुवार (3 सितंबर, 2026) को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की से मुलाकात की। यूक्रेन की राजधानी कीव की यात्रा पर गए विदेश मंत्री जयशंकर ने राष्ट्रपति जेलेंस्की से हुई मुलाकात को लेकर हर्ष जताया है। इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर दी है।

उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रिय सिबिहा के साथ हुई मुलाकात के बारे में भी बताया। जयशंकर ने कहा कि उन्होंने यूक्रेनी विदेश मंत्री आंद्रिय सिबिहा के साथ भारत और यूक्रेन के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और ज्यादा मजबूत करने को लेकर गंभीर चर्चाएं कीं। उन्होंने कहा कि हमारी बातचीत का मुख्य केंद्र रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष को खत्म करने के तरीकों और संभावित विकल्पों पर रहा।

भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने साल 2022 के फरवरी महीने से लगातार जारी रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को खत्म करने के लिए भारत की तरफ से मदद करने की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को खत्म करने के लिए अगर भारत किसी भी तरह से मदद कर सकता है, तो इसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं। अगर जरूरत पड़ी तो भारत मध्यस्थता के लिए तैयार है।

जयशंकर ने भारत की तरफ से इस मदद की पेशकश यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रिया सिबिहा के साथ राजधानी कीव में गुरुवार (3 सितंबर, 2026) को द्विपक्षीय चर्चा के बाद मीडिया को संबोधित करने के दौरान की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों को यह भी जानकारी दी कि भारत और यूक्रेन के मंत्रियों के बीच ब्लैक शी में कमर्शियल जहाजों पर हो रहे हमलों को लेकर भी गंभीर रूप से चर्चा की है।