कपूर परिवार में गूंजी शहनाई,अंशुला बनीं रोहन ठक्कर की दुल्हन, अर्जुन का भावुक संदेश जीत ले गया दिल
अंशुला कपूर ने 6 जुलाई 2026 को रोहन ठक्कर के साथ पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों से शादी कर ली। इस खास मौके पर पूरा कपूर परिवार और फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियां मौजूद रहीं। शादी की तस्वीरों के साथ अंशुला का प्यार भरा संदेश और बड़े भाई अर्जुन कपूर की भावुक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
मुबंई। बॉलीवुड के चर्चित कपूर परिवार में एक बार फिर शहनाइयां गूंज उठीं। निर्माता बोनी कपूर की बेटी और अभिनेता अर्जुन कपूर की बहन अंशुला कपूर ने अपने लॉन्ग-टाइम पार्टनर रोहन ठक्कर के साथ सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत कर दी। 6 जुलाई को संपन्न हुई इस शादी में परिवार के सदस्यों के साथ-साथ फिल्म जगत की कई जानी-मानी हस्तियों ने भी शिरकत की। पूरे समारोह में पारंपरिक भारतीय संस्कृति और पारिवारिक भावनाओं की खूबसूरत झलक देखने को मिली।
जान्हवी और खुशी ने निभाईं बहन की रस्में
शादी पूरी तरह पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुई। इस दौरान अंशुला की सौतेली बहनें जान्हवी कपूर और खुशी कपूर भी शादी की रस्मों में बढ़-चढ़कर शामिल हुईं। वहीं सबसे भावुक पल तब आया जब बड़े भाई अर्जुन कपूर अपनी बहन का हाथ थामकर उन्हें मंडप तक लेकर पहुंचे। यह दृश्य शादी के सबसे यादगार लम्हों में शामिल रहा और सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।
अंशुला ने रोहन के लिए लिखा दिल छू लेने वाला संदेश
शादी की खूबसूरत तस्वीरें साझा करते हुए अंशुला कपूर ने अपने पति रोहन ठक्कर के नाम एक बेहद रोमांटिक संदेश लिखा। उन्होंने लिखा कि लाखों लोगों, अनगिनत जगहों और जिंदगी के सही-गलत पड़ावों के बीच आखिरकार उन्हें वही इंसान मिला, जिसके साथ वह पूरी जिंदगी बिताना चाहती थीं। उन्होंने रोहन को अपनी सबसे पसंदीदा बातचीत, सबसे सुकूनभरी जगह और जिंदगी का सबसे खूबसूरत फैसला बताया। यह पोस्ट सामने आते ही फैंस और सेलेब्रिटीज की बधाइयों की बाढ़ आ गई।
अर्जुन कपूर का इमोशनल लेटर हुआ वायरल
शादी के अगले दिन आज अर्जुन कपूर ने अपनी छोटी बहन के लिए एक बेहद भावुक पोस्ट साझा की, जिसने हर किसी का दिल छू लिया। उन्होंने लिखा कि अंशुला हमेशा उनकी 'अंश' रहेंगी, लेकिन अब समय आ गया है कि वह अपनी नई जिंदगी की ओर कदम बढ़ाएं। अर्जुन ने कहा कि बहन को मुस्कुराते हुए देखकर उन्हें सबसे ज्यादा खुशी मिलती है और आज वह अपनी मां की झलक अंशुला में साफ देखते हैं। उन्होंने यह भी लिखा कि उनकी दिवंगत मां हमेशा अंशुला पर अपना आशीर्वाद बनाए रखेंगी और वह खुद जीवनभर अपनी बहन का साथ निभाते रहेंगे।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं शादी की तस्वीरें
शादी की तस्वीरों में कपूर परिवार की शानदार बॉन्डिंग, पारंपरिक परिधान और भावुक पल लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। फैंस लगातार नए जोड़े को शुभकामनाएं दे रहे हैं, जबकि अर्जुन कपूर का अपनी बहन के लिए लिखा संदेश इंटरनेट पर सबसे ज्यादा चर्चा में है।