भट्टी पूजन के साथ 18वें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शंखनाद, 1 से 5 सितंबर तक गूंजेंगे भक्ति के स्वर, निशान यात्रा में शामिल होंगे 1100 श्रद्धालु

आगरा। यमुना तट बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में आयोजित होने वाले 18वें श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भट्टी पूजन के साथ हुआ। श्री देवी जी ट्रस्ट एवं श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के संयुक्त तत्वावधान में होने वाला पांच दिवसीय महोत्सव 1 से 5 सितंबर तक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। भट्टी पूजन के साथ ही प्रसाद और विशाल भंडारे की तैयारियों ने भी गति पकड़ ली है। महोत्सव में देशभर से आने वाले कलाकार और भजन गायक अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।

Aug 29, 2026 - 19:51
 0
भट्टी पूजन के साथ 18वें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शंखनाद, 1 से 5 सितंबर तक गूंजेंगे भक्ति के स्वर, निशान यात्रा में शामिल होंगे 1100 श्रद्धालु
बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर परिसर में श्री देवी जी ट्रस्ट एवं श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल द्वारा आयोजित होने वाले श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव से पूर्व भट्टी पूजन कराते पंडित रमाकांत पांडे। साथ मौजूद हैं आयोजक।

मंदिर परिसर में आयोजित भट्टी पूजन में श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पार्षद हरिओम, अंशु मित्तल, विशाल अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, हेमेंद्र मोहता, भोलानाथ अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, दिलीप भंडारी, मनीष, मनीष एचआर, करतार चंद्र शास्त्री एवं सुमित बंसल ने सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित रमाकांत पांडे ने विधिवत पूजन संपन्न कराया। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण एवं मां महालक्ष्मी से महोत्सव के सफल, निर्विघ्न और भक्तिमय आयोजन की प्रार्थना की गई।

18वें वर्ष भी भव्य होगा आयोजन

श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि लगातार 18वें वर्ष आयोजित हो रहा श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव आगरा के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। इस बार भी इसे भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। 1 सितंबर को भूमि पूजन, हवन एवं सुंदरकांड पाठ के साथ मुख्य कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा।

2 सितंबर को मंदिर परिसर में ‘कान्हा के नाम की मेहंदी’ कार्यक्रम होगा। इसी दिन शाम 7 बजे पहली बार म्यूजिक भजन कंसर्ट आयोजित किया जाएगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वल्लभा बैंड भजन प्रस्तुतियां देगा।

3 सितंबर को सुबह 7 बजे 1100 श्रद्धालु निशान लेकर भव्य भक्ति निशान यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा बल्केश्वर महादेव मंदिर से जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर तक जाएगी। पूरे मार्ग में पुष्पवर्षा एवं इत्रवर्षा से यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसी दिन शाम 6 बजे राधानगर से श्री महालक्ष्मी मंदिर तक पोशाक यात्रा निकाली जाएगी। वृंदावन से विशेष रूप से तैयार होकर आने वाली मां महालक्ष्मी की करीब 11 किलो वजन की सतरंगी पोशाक यात्रा का प्रमुख आकर्षण होगी।

विशाल मंच पर सजेगा श्याम बाबा का दरबार

4 सितंबर की शाम करीब 40×100 फीट के विशाल मंच पर श्याम बाबा का दिव्य दरबार सजाया जाएगा। प्रख्यात भजन गायक ब्रजराज सिंह लक्खा, कानपुर की शर्मा सिस्टर्स एवं पेटू व आलिया शर्मा भजन प्रस्तुत करेंगे। श्याम बाबा का विशेष श्रृंगार पंडित सीताराम शर्मा द्वारा किया जाएगा।

इसी दिन मां महालक्ष्मी का दरबार फूल बंगला वाटिका की विशेष थीम पर सजाया जाएगा। रंग-बिरंगे एवं सुगंधित पुष्पों से होने वाला श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। मां महालक्ष्मी को श्रद्धा और भक्ति के साथ छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा।

महोत्सव का समापन 5 सितंबर को विशाल शाम की रसोई के साथ होगा। आयोजकों के अनुसार 7000 से अधिक श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भोजन की विशेष व्यवस्था की जा रही है। पांच दिनों तक होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ श्री महालक्ष्मी मंदिर परिसर श्रीकृष्ण भक्ति से सराबोर रहेगा।

SP_Singh AURGURU Editor