पचकुइयां के भुजरिया मेले में उमड़ी भीड़, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां; सामाजिक सद्भाव और सौहार्द के संदेश के साथ सजा 100 साल पुराना मेला

आगरा के पचकुइयां का प्राचीन भुजरिया मेला इस बार भी परंपरा, सामाजिक सद्भाव और मनोरंजन का केंद्र बना रहा। रक्षाबंधन के मौके पर परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने झूलों, खरीदारी और खान-पान का आनंद लिया, जबकि दिल्ली के कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मेले की रौनक में चार चांद लगा दिए।

Aug 29, 2026 - 20:43
 0
पचकुइयां के भुजरिया मेले में उमड़ी भीड़, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां; सामाजिक सद्भाव और सौहार्द के संदेश के साथ सजा 100 साल पुराना मेला
आगरा के पचकुइयां में शनिवार से प्रारंभ हुए दो दिवसीय भुजरिया मेले के उद्घाटन के मौके पर मंच पर मौजूद भाजपा बृज क्षेत्र अध्य़क्ष पूरन लाल लोधी, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, भाजपा महानगर अध्य़क्ष राज कुमार गुप्ता, वरिष्ठ नेता प्रमोद गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियां और मेला कमेटी के अध्यक्ष मुनेंद्र जादौन और अन्य अतिथिगण।

भुजरिया मेले में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की एक झलक।

आगरा। पचकुइयां चौराहे पर शनिवार को प्राचीन भुजरिया मेले में आस्था, परंपरा, मनोरंजन और सामाजिक सद्भाव का अनूठा संगम देखने को मिला। 100 वर्ष से अधिक पुराने इस मेले में बच्चों से लेकर बड़ों तक ने जमकर आनंद लिया। दिल्ली से आए ऑर्केस्ट्रा कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने देर तक लोगों को बांधे रखा, वहीं झूलों, खरीदारी और खान-पान के स्टालों पर भी भारी भीड़ रही। रक्षाबंधन के अवसर पर मायके आईं बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के साथ परिवार के साथ मेले का आनंद लिया।

विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 29 अगस्त 2026 को पचकुइयां चौराहे पर प्राचीन भुजरिया मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ भाजपा के बृज क्षेत्र अध्य़क्ष पूरन लाल लोधी, भुजरिया मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष मुनेन्द्र जादौन, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्य़क्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, सहकारी बैंक के अध्य़क्ष प्रदीप भाटी, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमोद गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेत्री बीना लवानिया और निर्मला दीक्षित, चौ. कप्तान सिंह, पार्षद, राम धाकड़, पार्षद ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर पचकुइयां व्यवसाय समिति के अध्यक्ष मुनेन्द्र जादौन एवं आयोजन समिति के अन्य पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए।

सामाजिक सद्भाव का संदेश

मेले के शुभारंभ अवसर पर अतिथियों ने शानदार आयोजन के लिए पचकुइयां व्यवसाय समिति के अध्यक्ष मुनेन्द्र जादौन एवं समिति के पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेले भारतीय समाज में सामाजिक सद्भाव और सौहार्द के प्रतीक रहे हैं। यहां लोग जाति, धर्म और संप्रदाय की सीमाओं से ऊपर उठकर एकजुटता के साथ शामिल होते हैं।

अतिथियों ने कहा कि भारतीय संस्कृति में मेलों का समृद्ध इतिहास रहा है। बुजुर्गों के अनुसार पचकुइयां का प्राचीन भुजरिया मेला 100 वर्षों से भी अधिक पुराना है। समय के साथ यह मेला लगातार भव्य रूप लेता गया है और अब क्षेत्र के प्रमुख पारंपरिक आयोजनों में इसकी पहचान बन चुकी है। स्थानीय लोग पूरे वर्ष इस मेले का बेसब्री से इंतजार करते हैं।

झूलों से लेकर खान-पान तक रही धूम

रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके पहुंची बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के बाद परिवार के साथ मेले में पहुंचकर खूब आनंद लिया। बच्चों ने विभिन्न झूलों का आनंद लिया तो बड़ों ने भी मेले की रौनक का भरपूर लुत्फ उठाया। मेले में विभिन्न दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। खान-पान के स्टालों पर भी पूरे दिन भीड़ बनी रही और लोगों ने तरह-तरह के लजीज व्यंजनों का स्वाद लिया।

ऑर्केस्ट्रा कलाकारों ने बांधा समां

मेले में इस बार भी दिल्ली से आए ऑर्केस्ट्रा कलाकारों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गीत-संगीत से सजे कार्यक्रमों ने मेले में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और देर तक कार्यक्रम का आनंद लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले के प्रमुख आकर्षणों में रहे।

इस दौरान पचकुइयां व्यवसाय समिति के अध्यक्ष मुनेन्द्र जादौन (एडवोकेट), राज किशोर खंडेलवाल, राजेश कुमार, पं. भारत भूषण शर्मा, पंकज गुप्ता, दीवान सिंह, जितेन्द्र शर्मा, सतीश कुमार और जय चन्द्र प्रजापति सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor