कालिंदी विहार में मौत बनकर दौड़ी डीसीएम, चार युवतियों को रौंदा, एक की मौत
आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र के कालिंदी विहार में शुक्रवार रात तेज रफ्तार डीसीएम ने सड़क किनारे पैदल जा रहीं चार युवतियों को कुचल दिया। हादसे में 22 वर्षीय खुशबू जुरैल की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन भूमि और पड़ोसी शिखा कुशवाह गंभीर रूप से घायल हो गईं। चारों युवतियां अपनी सहेली निशा चौधरी को घर छोड़ने आई थीं। हादसे का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस ने डीसीएम चालक को हिरासत में ले लिया है।
सहेली को छोड़ने निकली थीं, रास्ते में मौत ने घेरा, दो की हालात गंभीर
आगरा। आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के कालिंदी विहार में शुक्रवार रात करीब सवा नौ बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। एच ब्लॉक स्थित कैलादेवी मंदिर के सामने तेज रफ्तार डीसीएम ने सड़क किनारे पैदल जा रहीं चार युवतियों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया गया है कि खुशबू जुरैल (22), उसकी छोटी बहन भूमि (18), पड़ोसी शिखा कुशवाह और उनकी सहेली निशा चौधरी (20), निवासी गोविंद कॉलोनी, सड़क किनारे पैदल जा रही थीं। चारों निशा को उसके घर छोड़ने के लिए निकली थीं। उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पल बाद यह सामान्य-सी शाम एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन जाएगी।
बेकाबू डीसीएम ने चारों को मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान तेज रफ्तार में आई डीसीएम ने चारों युवतियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खुशबू डीसीएम के साथ काफी दूर तक घिसटती चली गई, जबकि शिखा और निशा टक्कर लगने के बाद सड़क पर दूर जा गिरीं। हादसे के बाद डीसीएम अनियंत्रित होकर आगे एक दूसरे वाहन से भी जा टकराई। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़े और घायलों को बचाने में जुट गए।
डीसीएम के नीचे फंस गई खुशबू, राहगीरों ने निकाला
सबसे भयावह स्थिति खुशबू की थी। वह डीसीएम के नीचे फंस गई थी। राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। खुशबू को बेहतर इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
दो युवतियां गंभीर, अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में घायल अन्य युवतियों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भूमि और शिखा की हालत गंभीर बताई जा रही है और दोनों का उपचार जारी है। हादसे के बाद परिवार के लोगों में भी चीख-पुकार मची हुई है। दर्दनाक हादसे की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में तेज रफ्तार डीसीएम के युवतियों को टक्कर मारने और इसके बाद दूसरे वाहन से टकराने का घटनाक्रम दिखाई देता है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चालक हिरासत में, पुलिस कर रही जांच
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने डीसीएम चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की लापरवाही की जांच कर रही है। एक परिवार की बेटी और बहन को इस हादसे ने हमेशा के लिए छीन लिया। जिस रात चार युवतियां अपनी सहेली को सुरक्षित घर छोड़ने निकली थीं, उसी रात तेज रफ्तार वाहन की एक टक्कर ने खुशबू की जिंदगी खत्म कर दी और तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।