मृदंग-मंजीरों की गूंज और श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच निकली आमंत्रण यात्रा, इस्कॉन के श्रद्धालुओं ने शहरवासियों को दिया जन्माष्टमी महोत्सव का न्योता

आगरा। श्रीहरि की भक्ति में डूबे श्रद्धालु, मृदंग-मंजीरों पर गूंजता हरिनाम संकीर्तन और सुगंधित पुष्पों से सजी पालकी में विराजमान बलभद्र जी एवं कृष्ण कन्हैया। भक्तिमय वातावरण के बीच कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) के श्रद्धालुओं ने आमंत्रण यात्रा निकालकर शहरवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया। बल्केश्वर तिराहे से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय हो उठा।

Aug 29, 2026 - 20:15
 0
मृदंग-मंजीरों की गूंज और श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच निकली आमंत्रण यात्रा, इस्कॉन के श्रद्धालुओं ने शहरवासियों को दिया जन्माष्टमी महोत्सव का न्योता
जन्माष्टमी महोत्सव के लिए यात्रा निकालकर शहरवासियों को आमंत्रण देते इस्कॊन के श्रद्धालु।

मंदिर अध्यक्ष अरविन्द प्रभु के नेतृत्व में निकली आमंत्रण यात्रा में श्रद्धालु मृदंग, मंजीरे और अन्य वाद्य यंत्रों के साथ हरिनाम संकीर्तन करते हुए आगे बढ़े। यात्रा बल्केश्वर क्षेत्र से होते हुए कमला नगर मेन मार्केट और महाराजा अग्रसेन मार्ग से गुजरी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने संकीर्तन और श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने मार्ग में लोगों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में परिवार सहित शामिल होने का आग्रह किया। पुष्पों से सजी पालकी में बलभद्र जी एवं कृष्ण कन्हैया के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहे। विभिन्न मार्गों से होती हुई आमंत्रण यात्रा श्रीजगन्नाथ मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।

4 सितम्बर को जन्माष्टमी महोत्सव

मंदिर अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) की ओर से इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 4 सितम्बर को महाराजा अग्रसेन सेवा सदन, कमला नगर में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के अंतर्गत शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक कलश अभिषेक का आयोजन होगा। इसके बाद रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का मुख्य महाभिषेक भक्तिभाव के साथ किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर से महाराजा अग्रसेन सेवा सदन तक पालकी यात्रा भी निकाली जाएगी। पालकी यात्रा के दौरान श्रद्धालु हरिनाम संकीर्तन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन रहेंगे।

5 सितम्बर को नन्दोत्सव

जन्माष्टमी के अगले दिन 5 सितम्बर को नन्दोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर दही हांडी प्रतियोगिता, हिंडौला दर्शन और भजन संध्या सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। मंदिर परिसर को फूल बंगला और आकर्षक सजावट से सजाया जाएगा।

नन्दोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़े उत्सवों का श्रद्धालु आनंद ले सकेंगे। धार्मिक आयोजनों के साथ भजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे, जिससे मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहेगा।

मंदिर प्रबंधन ने शहरवासियों से जन्माष्टमी महोत्सव और नन्दोत्सव में परिवार सहित शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और उत्सव का आनंद लेने का आग्रह किया है।

इस अवसर पर मुख्य रूप से मंदिर अध्यक्ष अरविन्द प्रभु सहित इस्कॉन के श्रद्धालु एवं आयोजन से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor