ओल्ड ईदगाह जैन मंदिर में जिन सहस्रनाम महामंडल विधान में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
आगरा। ओल्ड ईदगाह कॉलोनी स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में पांच दिवसीय श्री जिन सहस्रनाम महामंडल विधान के दूसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ा। मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज, मुनि श्री शील सागर जी महाराज एवं मुनि श्री सुप्रभात सागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में भगवान जिनेंद्र का अभिषेक, वृहद शांतिधारा और पूजन-अर्चना संपन्न हुई। मिनी जैन एंड पार्टी के भजनों ने मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। शाम को मंगल आरती और वंडरफुल जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने विधान में सहभागिता कर पुण्यार्जन किया। पंडित विकास जैन शास्त्री के निर्देशन में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराई गईं।
अभिषेक और शांतिधारा के साथ हुई आराधना
विधान का शुभारंभ भगवान जिनेंद्र की प्रतिमाओं के अभिषेक एवं वृहद शांतिधारा के साथ हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान के गुणों का स्मरण करते हुए परिवार में सुख-शांति, सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की मंगल कामना की।
इसके बाद श्री जिन सहस्रनाम महामंडल विधान की पूजन क्रियाएं प्रारंभ हुईं। विधान में शामिल पात्रों ने भक्तिभाव से भगवान जिनेंद्र की आराधना करते हुए अष्टद्रव्य समर्पित किए और श्रद्धापूर्वक अर्घ्य अर्पित किए। जिन सहस्रनाम विधान के मंत्रों और धार्मिक विधियों के बीच श्रद्धालु प्रभु भक्ति में लीन नजर आए। भगवान के सहस्र नामों का स्मरण करते हुए आत्मकल्याण, धर्म प्रभावना और विश्व में शांति की कामना की गई।
मुनिसंघ का पाद प्रक्षालन कर लिया आशीर्वाद
धार्मिक अनुष्ठानों में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। विधान के दौरान सौभाग्यशाली परिवारों ने मुनिसंघ का पाद प्रक्षालन किया, शास्त्र भेंट किए और पूज्य मुनिश्री से मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
भजनों से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर
मिनी जैन एंड पार्टी ने एक से बढ़कर एक मधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर भगवान जिनेंद्र की महिमा का गुणगान किया। भक्ति संगीत से मंदिर परिसर गूंज उठा और श्रद्धालु भजनों पर भावविभोर नजर आए। सायंकाल श्रीजी की मंगल आरती की गई। इसके बाद मुनिश्री के सान्निध्य में वंडरफुल जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने धर्म और आध्यात्मिक विषयों से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
आगामी दिनों में भी होंगे धार्मिक अनुष्ठान
मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि श्री जिन सहस्रनाम महामंडल विधान के आगामी दिनों में भी भगवान जिनेंद्र का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन-अर्चना और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान के साथ संपन्न होंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से विधान में सहभागिता कर धर्मलाभ लेने की अपील की।
इस अवसर पर अशोक जैन, विनीत जैन, सोनू जैन, अमित जैन, महेंद्र इंद्र, कपिल-माया जैन, सनत इंद्र, आशीष-राखी जैन, ब्रह्मा इंद्र, तुषार-सीखी जैन, सौधर्म इंद्र, शुभम-शिखा जैन, कुबेर इंद्र, नमित-प्रगति जैन, महायज्ञ नायक शैंकी-महिमा जैन, यज्ञ नायक अतुल-रेनू जैन, ईशान इंद्र और कमल-रिंकी जैन सहित जैन समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।