तीन दिन बाकी, दशहरा शोभायात्रा पर विवाद बरकरार, मंदिर कमेटी ने पार्षदों को घेरा

आगरा के जटपुरा लोहामंडी स्थित मंदिर श्रीराम चंद्र जी महाराज में आयोजित प्रेस वार्ता में मंदिर कमेटी ने क्षेत्रीय पार्षदों द्वारा दशहरा शोभायात्रा को लेकर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया। शोभायात्रा अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने पिछले वर्षों का लेखा-जोखा और रसीद बुक प्रस्तुत करते हुए कहा कि राजनीतिक कारणों से उन्हें हटाने का प्रयास किया जा रहा है। कमेटी ने बताया कि 2024 और 2025 में शोभायात्रा से हुई बचत मंदिर को दी गई। वहीं मंदिर की तीन वर्ष पुरानी टूटी दीवार, भरी नालियों और कचरे को लेकर भी जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाए गए। कमेटी ने स्पष्ट किया कि दशहरा शोभायात्रा में प्रभु श्रीराम की सेवा करने वालों का स्वागत है, लेकिन राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी।

Oct 16, 2026 - 19:43
 0
तीन दिन बाकी, दशहरा शोभायात्रा पर विवाद बरकरार, मंदिर कमेटी ने पार्षदों को घेरा
दशहरा शोभायात्रा समिति के विवाद पर बोलते विनय अग्रवाल।

विनय अग्रवाल ने पुराना लेखा-जोखा और रसीद बुक दिखाकर आरोपों को बताया बेबुनियाद, बोले-पार्टी की सदस्यता के आधार पर तय होगी क्या प्रभु श्रीराम की सेवा

आगरा। मंदिर श्रीराम चंद्र जी महाराज, जटपुरा लोहामंडी में आज प्रेस वार्ता आयोजित कर क्षेत्रीय पार्षदों द्वारा दशहरा शोभायात्रा में मंदिर कमेटी पर लगाए गए सभी आरोपों को साक्ष्यों के साथ खारिज किया। कहा कि सिर्फ राजनीति न करे, जिम्मेदारी लेकर प्रभु श्रीराम का काम करें। सिर्फ तीन दिन शेष रह गए हैं दशहरा शोभायात्रा के लिए। और अभी भी काम करने के बजाय राजनीति चल रही है। 

मंदिर कमेटी द्वारा नियुक्त दशहरा शोभायात्रा के अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने पिछले वर्षों की रसीद बुक प्रस्तुत करते हुए कहा कि मेरे ऊपर लगाए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। मेरा बचपन इसी क्षेत्र में रामजी की सेवा करते हुए बीता हैं। मेरे पिताजी ने 50 वर्ष से भी अधिक समय तक मंदिर की सेवा की है। अब मुझे मंदिर व दशहरा शोभायात्रा से सिर्फ इस कारण हटाने का प्रयास किया जा रहा है कि मैंने 2022 में समाजवादी पार्टी को ज्वाइन कर लिया है। क्या भगवान की सेवा करने का मौका भी अब राजनीतिक पार्टी निर्धारित करेंगी। ऐसी ही राजनीति के कारण 2023 में शोभायात्रा में कार्यकारिणी का गठन नहीं किया गया था। तब शोभायात्रा को 56809 रुपए का घाटा हुआ था 2024 में विनय अग्रवाल को अध्यक्ष बनाया गया। जिन्होंने 58609 रुपए का घाटा भी पूरा किया और मंदिर कमेटी को 143462 बचाकर दिए। 2025 में विनय अग्रवाल को अध्यक्ष बनाया गया 107558 रुपए बचा कर दिए। सभी का लेखा जोका मौजूद है।

मंदिर प्रबंधक रामदास कटारा ने कहा कि मंदिर की दीवार पिछले 3 वर्ष से टूटी है, उसे ठीक कराने की सुध किसी ने नहीं ली। सिर्फ दशहरा शोभायात्रा में राजनीतिक लोग अपना प्रभाव दिखाना चाहते हैं। चंदे की रसीद बुक भी एक-एक वर्ष बाद लौटाई जाती हैं। दशहरा कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हर्षित पाठक ने कहा कि पिछले 3 वर्ष से टूटी हुई दीवार का पाषर्दगढ़ आश्वासन देते रहे कि हम सरकार से बनवाकर देंगे। अभी तक नहीं बनवाई। दशहरा शोभायात्रा में सिर्फ 3 दिन शेष हैं, और शोभायात्रा मार्ग व मंदिर के आस-पास के क्षेत्र की नालियां भरी हैं, जगह-जगह कचरा है। इस ओर किसी का ध्यान नहीं है। सिर्फ पद और किसको हटाना है किसे बनाना है, इसकी राजनीति चल रही, जिसे मंदिर कमेटी बर्दाश्त नहीं करेगी। दशहरा शोभायात्रा के लिए मंदिर कमेटी की सहमति से कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। जो लोग प्रभु राम की सेवा करने चाहते हैं, उनका स्वागत है, लेकिन राजनीति नहीं चलेगी। 

इस अवसर पर मुख्य रूप से रामदास कटारा, विनय अग्रवाल, राजपाल यादव, हर्षित पाठक, पापे भाई, महेश लोधी, कमल अग्रवाल, विनोद राजपूत, नैमी यादव, दिनेश यादव, देव शर्मा, टीटू पंडित, हर्ष यादव, जय किशन लोधी, नीरज राजपूत आदि उपस्थित थे।