एक क्लिक पर कारोबारियों को मिलेगी नेशनल चैम्बर की पूरी जानकारी, नई वेबसाइट हुई लॉन्च

आगरा। डिजिटल दौर में कारोबारियों और उद्यमियों को नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स की गतिविधियों, सदस्यता, पदाधिकारियों, बैठकों और उद्योग हित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की दिशा में चैम्बर ने बड़ा कदम उठाया है। चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह ने चैम्बर की नई अपडेटेड वेबसाइट www.ncicagra.in का शुभारंभ किया। वेबसाइट पर सदस्यों की जानकारी से लेकर चैम्बर की गतिविधियों और गृह पत्रिका ‘नाचिक’ तक को डिजिटल रूप में उपलब्ध कराया गया है।

Aug 29, 2026 - 18:59
 0
एक क्लिक पर कारोबारियों को मिलेगी नेशनल चैम्बर की पूरी जानकारी, नई वेबसाइट हुई लॉन्च
नेशनल चैम्बर की नई वेबसाइट लॉन्च करते उद्योग उपायुक्त शैलेंद्र सिंह। साथ हैं चैंबर अध्य़क्ष और अन्य पदाधिकारी।

डिजिटल युग में वेबसाइट का अपडेट रहना जरूरी : मनोज कुमार बंसल

चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने कहा कि चैम्बर की वेबसाइट को पूरी तरह अपडेट कर सदस्यों के लिए विशेष जानकारी के साथ लॉन्च किया गया है। अब कोई भी उद्यमी या व्यापारी देश-दुनिया में कहीं से भी नेशनल चैम्बर के बारे में आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकता है।

उन्होंने बताया कि वेबसाइट पर चैम्बर की विभिन्न गतिविधियों के साथ आगामी बैठकों की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। शीघ्र ही चैम्बर की बैठकों के वर्चुअल लिंक को भी सक्रिय किया जाएगा। इसके बाद सदस्य अपनी फर्म में रहते हुए भी चैम्बर की बैठकों में वर्चुअल माध्यम से भाग ले सकेंगे और अपने सुझाव दे सकेंगे।

जिला उद्योग केन्द्र की योजनाओं का लिंक जोड़ने का सुझाव

मुख्य अतिथि उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह ने सुझाव दिया कि वेबसाइट पर जिला उद्योग केन्द्र का लिंक भी बनाया जाना चाहिए। इसमें प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्रों की जानकारी, उद्योगों की एनओसी से संबंधित वेबसाइट के लिंक और हाइपरलिंक की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके साथ ही एमएसएमई की योजनाओं, उद्योगों को मिलने वाली सब्सिडी तथा संबंधित शासनादेशों की प्रतियां भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि इन सूचनाओं के संकलन के लिए जिला उद्योग केन्द्र चैम्बर को आवश्यक सहयोग देने के लिए तत्पर है, ताकि उद्यमियों को उद्योगों से संबंधित योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।

एक क्लिक पर मिलेगी सदस्यों की पूरी जानकारी

आईटी प्रकोष्ठ के चेयरमैन सचिन सारस्वत ने वेबसाइट की प्रमुख सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि नई वेबसाइट पर चैम्बर का संक्षिप्त इतिहास, प्रेसिडेंट डेस्क, कार्यकारिणी की सूची, पूर्व अध्यक्षों की सूची तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के चेयरमैनों की सूची मोबाइल नंबर सहित अपडेट की गई है।

उन्होंने बताया कि चैम्बर में पंजीकृत कोई भी सदस्य अपना सदस्यता क्रमांक और फर्म का नाम दर्ज कर अपना विवरण प्राप्त कर सकता है। वेबसाइट पर सुझाव के लिए अलग लिंक भी उपलब्ध कराया गया है। इसके माध्यम से कोई भी सदस्य अपना सुझाव लिखने के साथ संबंधित फाइल भी अटैच कर सीधे चैम्बर को भेज सकता है।

‘नाचिक’ का भी डिजिटल अवलोकन

चैम्बर की गृह पत्रिका ‘नाचिक’ को भी वेबसाइट पर अपडेट किया गया है। इससे चैम्बर के सदस्यों को गृह पत्रिका का डिजिटल अवलोकन करने की सुविधा मिल गई है। वेबसाइट पर चैम्बर की गतिविधियों और बैठकों की जानकारी भी लगातार अपडेट की जाएगी।

पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि चैम्बर उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह द्वारा दिए गए सुझावों का स्वागत करता है। चैम्बर की वेबसाइट को उद्यमियों के लिए और अधिक उपयोगी बनाने के उद्देश्य से एमएसएमई और जिला उद्योग केन्द्र से प्राप्त उद्योग हित से संबंधित नवीनतम योजनाओं को शीघ्र ही वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन आईटी प्रकोष्ठ के चेयरमैन सचिन सारस्वत ने किया। बैठक में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, अनिल वर्मा, मनीष अग्रवाल, आईटी प्रकोष्ठ के चेयरमैन सचिन सारस्वत, सदस्य प्रशांत जैन, विजय कुमार गुप्ता, मयंक मित्तल, गोमित जैन, सुशील बंसल, मयंक अग्रवाल, विपुल अग्रवाल, अम्बुज गोयल, मयंक कुमार अग्रवाल, नारायन भरानी, पुनीत कुमार अग्रवाल, प्रशांत मित्तल, धर्मेन्द गुप्ता, रजत आदि उपस्थित रहे।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor