यमुना पार में जाम का झाम, एत्मादुद्दौला से रामबाग तक रोजाना रेंगते वाहन, डीएम के घेराव की चेतावनी
आगरा। यमुना पार क्षेत्र में एत्मादुद्दौला से स्ट्रैची ब्रिज और फाउंड्री नगर चार पुलिया से रामबाग चौराहे तक रोजाना लगने वाले जाम से आमजन बेहाल हैं। स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों, व्यापारियों, मजदूरों और नौकरीपेशा लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप पाठक ने जिलाधिकारी से यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने, रेलवे माल गोदाम के भारी वाहनों का दिन में आवागमन बंद करने और क्षतिग्रस्त स्ट्रैची ब्रिज की सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
रामबाग चौराहे पर चारों ओर से वाहनों का दबाव
दिलीप पाठक के अनुसार, रामबाग चौराहे पर चारों दिशाओं से वाहनों की निकासी के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। फिरोजाबाद रोड और टेढ़ी बगिया की ओर से आने वाले दोपहिया, तिपहिया, सवारी ऑटो और चारपहिया वाहन कई बार गलत दिशा से शहर की ओर आते हैं। इन वाहनों को पुल के नीचे से निकालने के लिए चारों ओर का यातायात रोककर बारी-बारी से रास्ता दिया जाता है। पर्याप्त यातायात प्रबंधन और पुलिसकर्मियों की कमी के कारण वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और जाम खुलने में काफी समय लगता है।
रेलवे माल गोदाम के वाहनों से बिगड़ रही व्यवस्था
शिकायत के मुताबिक, रेलवे माल गोदाम के गेट और अंबेडकर पुल के सामने भी चारों ओर से आने वाले वाहनों के कारण यातायात प्रभावित होता है। रेलवे माल गोदाम के भारी वाहन और मेटाडोर 407 के साथ रामबाग की ओर से अंबेडकर पुल के अंदर जाने तथा स्ट्रैची ब्रिज की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ाता है। इससे पुल से लेकर एत्माद्दौला तक लंबा जाम लगने की समस्या बनी रहती है।
दिलीप पाठक ने कहा कि अंबेडकर पुल को खराब निर्माण व्यवस्था के कारण पहले ही भारी वाहनों के प्रवेश के लिए बंद किया गया है। इसके चलते रेलवे माल गोदाम और अन्य व्यावसायिक वाहनों का आवागमन स्ट्रैची ब्रिज से होता है। भारी वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण स्ट्रैची ब्रिज की सड़क कई स्थानों पर टूट चुकी है। सड़क की खराब हालत के चलते दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन समस्या के समाधान पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
पुलिस निगरानी बढ़ाने और सड़क की मरम्मत की मांग
दिलीप पाठक ने जिलाधिकारी से मांग की है कि यमुना पार क्षेत्र के साथ पूरे शहर में गंभीर होती जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन की उचित निगरानी सुनिश्चित की जाए। रामबाग चौराहे, रेलवे माल गोदाम के गेट और पुलों के आसपास यातायात प्रबंधन मजबूत किया जाए, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारु हो सके।
उन्होंने रेलवे माल गोदाम के भारी वाहनों का दिन में आवागमन बंद करने तथा स्ट्रैची ब्रिज की क्षतिग्रस्त सड़क को जल्द दुरुस्त कराने की भी मांग की है। उनका कहना है कि जाम की समस्या से विद्यार्थियों, व्यापारियों, मजदूरों और अन्य नागरिकों का रोजाना समय बर्बाद हो रहा है। प्रशासन को इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए।
दिलीप पाठक ने चेतावनी दी है कि यदि यातायात व्यवस्था सुधारने, भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने और सड़क की मरम्मत कराने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।